नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी से 7 बागी सांसदों को राज्यसभा सचिवालय से बीजेपी में विलय की मंजूरी मिल गई है। राज्यसभा सचिवालय ने इस संबंध में सोमवार सुबह अधिसूचना जारी की है। ऐसे में राज्यसभा में बीजेपी की संख्या बढ़कर 113 हो जाएगी।
इससे पहले शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा समेत पार्टी के सात सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का ऐलान किया था। राघव चड्ढा ने इसे ‘आप’ के दो-तिहाई से ज्यादा सांसदों का भाजपा में विलय बताया।
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने भाजपा में विलय कर लिया है। सात सांसदों ने उस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के अध्यक्ष को सौंपा गया था। मैंने, दो अन्य सांसदों के साथ, व्यक्तिगत रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज सौंपे।




