कब्जा करने को श्मशान में चलाई जेसीबी, बच्चों के शव बाहर निकले; इलाके में फैला तनाव

सहारनपुर, शुक्रवार देर रात कालोनाइजर ने शमशान की भूमि पर कब्जा करने की नीयत से जेसीबी से खोदाई कर डाली। सुबह अनुसूचित जाति के लोग मौके पर पहुंचे तो दफनाए गए बच्चों के शव बाहर निकले देखे।

मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने से तनाव हो गया। भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच एसपी सिटी कर रहे हैं। गांव में अनुसूचित जाति के लोगों का श्मशान है। इसके पीछे की तरफ दूसरे समुदाय के तीन-चार लोगों ने कुछ दिन पहले वहां जमीन खरीदी हुई है।

 

इन लोगों ने श्मशान की भूमि पर जेसीबी से खोदाई की तो सैकड़ों लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर दिया। इनका आरोप है कि दूसरे समुदाय के कुछ लोग श्मशान की भूमि कब्जाना चाहते हैं।

शुक्रवार रात उन्होंने श्मशान की भूमि से रास्ता बनाने के लिए जेसीबी चलाई। इससे बच्चों के शव बाहर निकल आए। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। एसपी सिटी ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

15 दिन पहले कुछ प्रापर्टी डीलर श्मशान की जमीन पर कब्जे की नीयत से पेड़ काटने गए थे। लोगों ने उसी समय पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो आरोपितों के हौसले बुलंद हो गए। पुलिस की लापरवाही के कारण ही शुक्रवार देर रात श्मशान भूमि पर जेसीबी मशीन चलाई गई।

Related Posts