गाजियाबाद : पॉश गौर ग्रीन सोसाइटी में भीषण आग, 9वीं से 13वीं मंजिल तक फैलीं लपटें, कई लोग फंसे

गाज़ियाबाद, उत्तर प्रदेश (UP) के गाजियाबाद (Ghaziabad) से बड़ी खबर सामने आई है. यहां इंदिरापुरम (Indirapuram) के अभय खंड स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी (Green Avenue Society) में अचानक भीषण आग (Massive Fire) लग गई. आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा.

इस घटना की सूचना मिलते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया. लोग अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. सोसाइटी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी.

मौके पर मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक, आग करीब साढ़े आठ बजे दिखाई दी थी. इन लोगों का कहना है कि अंदर फ्लैट में किसी के फंसे होने की संभावना कम लग रही है. देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगते ही सोसाइटी में रहने वाले लोग तुरंत बाहर निकल आए.

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं. फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया. और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आग से भारी संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं. कई लोगों ने घटना के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए, जो वायरल हो रहे हैं. दमकल विभाग के अधिकारी आग पर जल्द से जल्द काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं. आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान और कारणों का सही आकलन किया जा सकेगा.

Related Posts