इंदौर, जिस घर में पिता की उंगली पकड़कर बेटी ने चलना सीखा, उसी परिवार में रिश्तों के कत्ल की ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इंदौर को झकझोर दिया है। संपत्ति के दस्तावेजों को लेकर विवाद की आशंका के बीच पिता और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
बेटी का शव कालानी नगर के एक किराए के फ्लैट में मिला, तो पिता की लाश हातोद क्षेत्र में बोरे के अंदर बंद मिली। पिता का एक हाथ भी कटा हुआ था। इस दोहरे हत्याकांड में शक की सुई परिवार के ही बेटे हर्ष यादव पर घूम रही है। पुलिस ने उसके एक नाबालिग साथी को हिरासत में लिया है। आखिर संपत्ति के लिए अपनों के खून का प्यासा कौन बन गया? पुलिस अब इसी सवाल का जवाब तलाश रही है।
इंदौर में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात को जन्म दिया है। मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर का है, जहां 22 वर्षीय हर्षिता यादव का शव एक किराए के फ्लैट में मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हर्षिता की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई। लेकिन इस वारदात की दूसरी कड़ी ने पुलिस को भी चौंका दिया। हर्षिता के पिता राजू यादव का शव हातोद थाना क्षेत्र के जम्बुड़ी हप्सी में बोरे के अंदर बंद मिला। पिता का एक हाथ कटा हुआ था और शव करीब 36 घंटे पुराना बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में संपत्ति के दस्तावेजों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पिता राजू यादव और बेटी हर्षिता के पास संपत्ति से जुड़े दस्तावेज थे, जिसको लेकर बेटा हर्ष नाराज था। इसी विवाद को दोनों हत्याओं की संभावित वजह माना जा रहा है।
पहले पिता, फिर बहन की हत्या की आशंका
पुलिस को आशंका है कि पहले राजू यादव की हत्या की गई और उनका शव हातोद क्षेत्र में फेंक दिया गया। इसके बाद कालानी नगर के किराए के फ्लैट में हर्षिता की गला घोंटकर हत्या की गई। हालांकि, वारदात का पूरा घटनाक्रम और हत्या की असल वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
दोनों हत्याओं के मामले में पुलिस को बेटे हर्ष यादव पर शक है। पुलिस ने उसके एक नाबालिग साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों हत्याओं को किसने और कैसे अंजाम दिया, इसमें और कौन शामिल था और संपत्ति विवाद की इस कहानी के पीछे असल वजह क्या है।इंदौर में सामने आए इस दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि संपत्ति का लालच इंसान को किस हद तक ले जा सकता है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




