नई दिल्ली, सोना सस्ता हो गया है. चांदी के दाम भी भरभरा कर गिरे हैं. जी हां, सोने-चांदी में निवेश करने का मन बना रखा है तो आपके लिए अच्छी खबर है.
घरेलू मार्केट से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक गोल्ड-सिल्वर के रेट काफी कम हो गए हैं. वैश्विक बाजारों में मची उथल-पुथल और डॉलर की मजबूती का असर भारतीय सर्राफा बाजार पर दिख रहा है. बीते कुछ दिनों से आसमान छू रहे सोने और चांदी के दाम अब ‘भरभरा कर’ नीचे आ गए हैं. लगातार हो रही मुनाफावसूली के कारण सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. एक हफ्ते के भीतर सोने के दाम करीब 5.89 फीसदी तक लुढ़क गए हैं. एक्सपर्ट्स इसे सोने में निवेश करने वालों के लिए एक मौके की तरह बता रहे हैं. आज 22 मार्च, रविवार को सोना 1.46 लाख रुपये/10 ग्राम के भाव, जबकि चांदी 2.32 लाख रुपये के आसपास चल रही है.
MCX, IBJA और लोकल मार्केट में कितना गिरा सोना-चांदी?
MCX पर सोने का भाव 1.44 लाख/10 ग्राम के करीब आ गया है. वहीं चांदी गिर कर 2.27 लाख रुपये/किलो के भाव पर पहुंच गई है. ये शुक्रवार को बाजार बंद होने तक के भाव हैं. IBJA के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को जो सोना 1,56,436 रुपये पर था, वो शुक्रवार तक गिरकर 1,47,218 रुपये पर आ गया है. चांदी भी हफ्ते भर में 16,000 रुपये से ज्यादा सस्ती हुई है और भाव 2,32,364 रुपये/किलो पर आ गया है. सोमवार को नई दरें जारी होंगी.
आज 22 मार्च, रविवार को स्थानीय ज्वैलरी बाजार की बात करें तो देश की राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने का भाव 1,46,120 रुपये/ 10 ग्राम है, जबकि 22 कैरेट की कीमत 1,33,950 रुपये/10 ग्राम दर्ज की गई है. चांदी 2.45 लाख रुपये/किलो बिक रही है. देश के अलग-अलग हिस्सों में आज सोने-चांदी के भाव में काफी नरमी देखी जा रही है.
आपके शहर में सोना-चांदी क्या भाव है?| 22 March Gold Silver Rates
राजधानी दिल्ली में आज 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,46,120 प्रति 10 ग्राम है, जबकि 22 कैरेट की कीमत ₹1,33,950 दर्ज की गई है. मुंबई और कोलकाता में आज 24 कैरेट सोना ₹1,45,970 और 22 कैरेट ₹1,33,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. दक्षिण भारत की बात करें तो चेन्नई में भाव थोड़े ऊंचे हैं, यहां 24 कैरेट के लिए ₹1,48,580 और 22 कैरेट के लिए ₹1,36,200 चुकाने होंगे.
लखनऊ और जयपुर में 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,46,120 है, तो पटना, अहमदाबाद, राजकोट और सूरत जैसे शहरों में यह ₹1,46,020 प्रति 10 ग्राम पर स्थिर बना हुआ है. बैंगलोर, हैदराबाद, पुणे और नागपुर में भी कीमतें मुंबई के बराबर यानी ₹1,45,970 (24 कैरेट) के आसपास बनी हुई हैं.
सोने के नक्शेकदम पर चलते हुए चांदी की कीमतों में भी जोरदार गिरावट आई है. हफ्ते भर के भीतर चांदी के दाम ₹16,000 प्रति किलोग्राम से ज्यादा टूट चुके हैं. फिलहाल चांदी ₹2,32,000 के स्तर के करीब पहुंच गई है. औद्योगिक मांग में कमी और वैश्विक दबाव के चलते चांदी में यह ‘फ्री फॉल’ देखने को मिल रहा है.
क्यों गिरे सोने-चांदी के भाव, आगे कैसी रहेगी चाल?
जानकारों के मुताबिक, मिडिल ईस्ट तनाव एक बड़ी वजह है. इजरायल-ईरान संघर्ष के कारण तेल और गैस की कीमतें बढ़ी हैं, जिससे वैश्विक महंगाई का डर बढ़ा है. वहीं, केंद्रीय बैंकों का सख्त रुख भी बड़ कारण है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व समेत दुनिया के बड़े बैंकों द्वारा ब्याज दरें ऊंची रखने के संकेतों ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाया है. दूसरी ओर डॉलर इंडेक्स के बढ़ने से निवेशकों का रुझान सोने से हटा है.
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले हफ्ते में सोना 1,35,000 से 1,40,000 रुपये के स्तर पर सपोर्ट ले सकता है, जबकि 1,52,000 रुपये इसके लिए बड़ा रेजिस्टेंस (रुकावट) बना हुआ है.
देश का स्वर्ण भंडार (Gold Reserve) बढ़ा
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 13 मार्च को समाप्त सप्ताह के लिए भारत के स्वर्ण भंडार में 664 मिलियन डॉलर की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 130.68 बिलियन डॉलर हो गया. हालांकि, 13 मार्च को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 7.05 अरब डॉलर घटकर 709.76 अरब डॉलर हो गया.
यह गिरावट 6 मार्च को समाप्त हुए पिछले सप्ताह में हुई और भी तेज गिरावट के बाद आई है, जब भंडार 11.68 अरब डॉलर घटकर 728.49 बिलियन डॉलर से 716.81 अरब डॉलर हो गया था.
फॉरेन करेंसी एसेट्स, जो भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा हैं, हफ्ते के दौरान 7.678 अरब डॉलर घटकर 555.568 अरब डॉलर हो गईं. ये एसेट्स अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यूरो, पाउंड और येन जैसी प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के उतार-चढ़ाव के प्रभाव को भी दर्शाती हैं.




