नई दिल्ली, मीडिया हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। लोगों से जोड़े रखने, अपनी भावनाओं को व्यक्त करने और समाज में चल ही चीजों को जानने के लिए यह सबसे प्रमुख साधन माना जाता है। पर इसका गलत तरीके से इस्तेमाल करना आपके लिए गंभीर दुष्प्रभावों वाला, यहां तक कि जानलेवा भी हो सकता है।
ऐसा ही एक हालिया मामला इन दिनों सुर्खियों में है जहां एक व्यक्ति ने दांत के दर्द के लिए यूट्यूब वीडियो में बताई गई औषधि का बहुत अधिक मात्रा में इस्तेमाल कर लिया जिससे उसकी मौत हो गई।
मामला झारखंड का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अजय महतो नाम के व्यक्ति ने दांत दर्द के उपाय के बारे में सर्च किया, एक वीडियो में बताए गए उपायों के आधार पर उसने कथित तौर पर बहुत अधिक मात्रा में कनेर (ओलियंडर) के बीज खा लिए जिससे उसकी मौत हो गई। ओलियंडर के बीज खाने के बाद महतो की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु की पुष्टि हुई।
मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था, एक सप्ताह पहले उसके दांत में तेज दर्द हुआ। उसने ढेर सारे वीडियो देखने के बाद ओलियंडर के बीज वाले उपाय को अपनाया। यहां जानना जरूरी है कि ऐसा कोई ज्ञात मेडिकल रिकॉर्ड नहीं है जो कहता हो कि ओलियंडर के बीज दांत दर्द को ठीक कर सकते हैं। वास्तव में, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नोट किया है कि ओलियंडर के बीज या पत्तियों में गंभीर विषाक्तता हो सकती है।
मेडिकल रिपोर्ट में विशेषज्ञ कहते हैं, ओलियंडर के पौधे का 15वीं शताब्दी से हर्बल चिकित्सा में उपयोग किया जाता रहा है। एंटीवायरल के रूप में इसके उपयोग से लाभ देखा गया है लेकिन उसमें मात्रा और किस तरह से इसका उपयोग किया जाता है, इसके लिए अनुभवी क्लिनिकल हर्बलिस्ट या अन्य चिकित्सकों की सलाह ली जाती थी। चूंकि यह एक खतरनाक और विषाक्त पौधा है इसलिए खुद से ही इसका इस्तेमाल घातक हो सकता है।




