बरेली। पटेल चौक के पास शुक्रवार को चलती बाइक पर एक व्यक्ति को सांप ने काट लिया। अचानक हुई घटना से बाइक सवार घबरा गया। राहगीरों की मदद से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है।वहीं एक अन्य युवक को सांप ने खेत में डस लिया।
मढ़ीनाथ निवासी सूर्य प्रकाश पाठक सिक्युरिटी एजेंसी चलाते हैं। शुक्रवार को वह घर से मंदिर में पूजा करने के लिए कालीबाड़ी बाइक से जा रहे थे। पटेल चौक से पहले बाइक चलाते समय अचानक उनकी जांघ पर सांप ने काट लिया।
सांप के काटने के बाद उन्होंने बाइक रोक दी और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। सूर्य प्रकाश ने बताया कि सांप उनके घर से ही बाइक में बैठ गया था और रास्ते में उन्हें काट लेगा। वहीं भुता के रामपुरा प्रवीण निवासी मोहित को सांप ने हाथ में डस लिया। वह चारा लेने खेत पर गए थे। उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




