रक्षाबंधन पर यूपी में महिलाओं का बस में सफर मुफ्त होगा, जानिए यू पी सरकार ने क्या किया ऐलान ?

लखनऊ, रक्षाबंधन पर यूपी की महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहार के दौरान महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है.

27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिलाएं एक सहयोगी के साथ यूपी रोडवेज की बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी. मुख्यमंत्री ने त्योहार के मद्देनजर महिला सुरक्षा, यातायात, बस चालकों के सत्यापन और प्रदेश में जलभराव व बाढ़ की स्थिति को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.

रक्षाबंधन पर महिलाओं का सफर होगा मुफ्त

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि त्योहार के दौरान महिलाओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. इसी के तहत 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक रोडवेज बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. उनके साथ एक सहयोगी भी इस सुविधा के तहत यात्रा कर सकेगा. महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखने और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं.

नशे में बस चलाने वाले ड्राइवरों पर रोक

मुख्यमंत्री ने परिवहन व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि नशे का सेवन करने वाले चालकों को बस चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. इसके अलावा निजी बस चालकों का सत्यापन कराने और ऑटो व टैक्सी चालकों की भी जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है. परिवहन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ महिला यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.

Related Posts