![Voice Reader](https://www.aamawaaz.in/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/play.png)
![Stop Voice Reader](https://www.aamawaaz.in/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/stop.png)
![Pause](https://www.aamawaaz.in/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/pause.png)
![Resume](https://www.aamawaaz.in/wp-content/plugins/magic-post-voice/assets/img/play.png)
नई दिल्ली, 10 फरवरी से 10 मार्च तक चले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए आज सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हो जाएगी। ये पांच राज्य उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा हैं।
सबसे पहले पोस्टल बैलेट व सर्विस वोट की गिनती शुरू होगी, इसके बादईवीएम में दर्ज हुए वोटों की भी गणना शुरू हो जाएगी। अनुमान है कि सुबह 11 बजे से 12 बजे के बीच शुरुआती रुझान आने शुरू हो जाएंगे।
उत्तर प्रदेश:
उत्तर प्रदेश के 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों पर 10 फरवरी से 10 मार्च तक मतदान हुआ और आज सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारंभ हो जाएगी। यूपी में बहुमत के लिए 202 चाहिए होंगी।
प्रदेश में मतगणना शांति-पूर्वक संपन्न कराने के लिए लगभग 70,000 सिविल पुलिस के कर्मी, 245 कंपनी, अर्ध सैनिक बल तथा 69 कंपनी पीएसी की तैनाती की गई है।
साल 2017 में भाजपा अपने दम पर 312 सीटें जीती थीं जबकि एनडीए का आंकड़ा 325 था। सपा ने 47, बसपा ने 19 और कांग्रेस ने सात सीटें जीती थीं।
पंजाब:
पंजाब में विधानसभा के 117 सदस्यों को चुनने के लिये हुए डाले गए मतों की गिनती आज की जाएगी। विधानसभा चुनाव के लिए 20 फरवरी को एक चरण में मतदान हुआ था। पंजाब में बहुमत के लिए 59 सीटों चाहिए होंगी।
आज सुबह आठ बजे से 66 स्थानों पर बने 117 केन्द्रों पर मतगणना शुरू होगी। इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था।
2017 के चुनाव में कांग्रेस ने 117 में से 77 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। चुनाव में आप को 20 सीट, अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 18 सीट और लोक इंसाफ पार्टी को दो सीट पर जीत मिली थी।
मणिपुर:
राज्य में दो चरणों में 28 फरवरी और पांच मार्च को चुनाव हुए थे। यहां भी सुबह 8 बजे मतगणना प्रारंभ हो जाएगी। मणिपुर 60 सदस्यीय विधानसभा है। यहां बहुमत के लिए 31 सीटें चाहिए होंगी।
2017 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस 28 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। भाजपा ने 21 सीटों पर जीत हासिल की थी।
उत्तराखंड:
उत्तराखंड विधानसभा के लिए 70 सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना आज सुबह 8 बजे शुरू होगी। यहां बहुमत के लिए 36 सीटों पर जीत हासिल करनी होगी।
यहां मतगणना के लिए राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि मतगणना के लिए 13 केंद्र, यानी हर जिले में एक केंद्र बनाया गया है। मतगणना पर नजर रखने के लिए 70 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। हर विधानसभा सीट के लिए एक पर्यवेक्षक की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
गोवा:
गोवा विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे शुरू हो जाएगी। गोवा की 40 सदस्यीय विधानसभा में 14 फरवरी को एक ही चरण में मतदान हुआ था।राज्य में सबसे अधिक 78.94 प्रतिशत मतदान हुआ और कुल 332 उम्मीदवार मैदान में हैं।
गोवा में बहुमत हासिल करने के लिए 21 सीटों पर जीत हासिल करनी होगी। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है लेकिन आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना के भी मैदान में उतरने से मुकाबले के बहुकोणीय होने की उम्मीद जताई जा रही है।