लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजनीति में रविवार को बड़ा मोड़ देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार शुरू हुआ. राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कई नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया.
जानकारी के अनुसार, इससे पहले शनिवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर नए मंत्रियों की लिस्ट सौंपी थी. वहीं इस लिस्ट में किन-किन नेताओं का नाम शामिल है चलिए जानते है.
शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी से हुई, जिन्होंने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली. इसके बाद समाजवादी पार्टी से बगावत कर भाजपा के करीब आए विधायक मनोज पांडेय को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया. वहीं अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली.
किस बात का रखा गया खास ध्यान
मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक और जातीय समीकरणों का भी खास ध्यान रखा गया है. नए मंत्रियों में एक ब्राह्मण, तीन ओबीसी और दो दलित समुदाय से आने वाले नेताओं को जगह दी गई है. राजनीतिक जानकार इसे आने वाले चुनावों को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला मान रहे हैं. इस विस्तार में अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रमोशन मिला है. दोनों पहले राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के तौर पर काम कर रहे थे. वहीं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा अपने समर्थकों के साथ बैंड-बाजे के साथ शपथ समारोह के लिए पहुंचे, जिसको लेकर काफी चर्चा की जा रही है.
किसे नहीं मिली जगह
सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी की बागी नेता पूजा पाल का नाम भी मंत्री पद की चर्चा में था, लेकिन अंतिम सूची में उन्हें जगह नहीं मिल सकी. वहीं भूपेंद्र चौधरी को लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है. यह विभाग केंद्रीय राजनीति में जाने के बाद से जितिन प्रसाद के पास नहीं था और फिलहाल मुख्यमंत्री योगी के पास ही था. फिलहाल योगी सरकार में मुख्यमंत्री समेत कुल 54 मंत्री हैं. मंत्रिमंडल में अभी भी छह पद खाली हैं. बता दें, इससे पहले योगी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले हुआ था.




