लखनऊ, 20 अगस्त को उत्तर प्रदेश के पहले एफएम चैनल रेनबो (100.7 FM ) “सुरों का लखनवी एहसास” ने गुरुवार को अपना स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। आकाशवाणी लखनऊ के लोकप्रिय चैनल एफएम रेनबो के 27वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतियोगिता में लालकुआं, लखनऊ निवासी अनुष्का चंद्रा को प्रथम जबकि बालागंज निवासी निधि चौरसिया को द्वितीय और लखीमपुर खीरी के रमेश पटेल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस कार्यक्रम में नगर के कई गणमान्य व्यक्ति और श्रोता शामिल हुए।

साथ ही आकाशवाणी लखनऊ में अवध की समृद्ध तहज़ीब, नफ़ासत और समकालीन संगीत के मधुर संगम पर केंद्रित “इंद्रधनुषोत्सव” समेत कई विशेष कार्यक्रमों और श्रोता-केंद्रित गतिविधियों का आयोजन किया गया। श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आकाशवाणी लखनऊ की कार्यक्रम प्रमुख सुमोना पाण्डेय ने कहा कि एफएम रेनबो वर्ष 2000 से विश्वसनीय मनोरंजन और सुरीली आवाज़ों का केंद्र रहा है। विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय रंग और बेहतरीन धुनों को हर घर और हर दिल तक पहुँचाया जा रहा है। इस मौके पर आकाशवाणी लखनऊ के आधिकारिक, कर्मचारी मौजूद रहे।




