एक बार फिर आकाश आनंद के सिर पर बुआ ने रखा हाथ… बसपा में वापसी के बाद पहली बार मायावती के साथ दिखे

लखनऊ, बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती 9 अक्टूबर को पार्टी संस्थापक कांशीराम की  पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने लखनऊ स्थित बसपा कार्यालय पहुंचीं.

इस दौरान उनके भतीजे आकाश आनंद भी साथ नजर आए. पार्टी में वापसी के बाद यह पहला मौका रहा, जब मायावती और आकाश आनंद सार्वजनिक रूप से एक साथ दिखाई दिए.

इस दौरान आकाश आनंद ने मायावती के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. मायावती ने भी उनके सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया. दोनों के बीच इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद यह दृश्य चर्चा में है. पार्टी के राजनीतिक घटनाक्रम के बीच दोनों की यह सार्वजनिक मौजूदगी खास मानी जा रही है.

पार्टी में वापसी के बाद पहली बार साथ दिखे दोनों

आकाश आनंद की बसपा में वापसी और उन्हें दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के बाद यह पहली सार्वजनिक मौजूदगी है, जिसमें वह मायावती के साथ नजर आए. इससे पहले दोनों के बीच मतभेदों और आकाश आनंद को पार्टी से अलग किए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं हुई थीं. अब उनकी वापसी के बाद मायावती के साथ दिखने से बसपा के भीतर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है.

मायावती का आकाश आनंद के सिर पर हाथ रखना और उन्हें आशीर्वाद देना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि, इस दृश्य को किसी खास राजनीतिक संदेश, भविष्य की रणनीति या पार्टी में किसी नई भूमिका के संकेत के तौर पर देखना फिलहाल जल्दबाजी होगी. अभी इतना स्पष्ट है कि पार्टी में वापसी के बाद आकाश आनंद पहली बार मायावती के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए हैं.

Related Posts