1 जुलाई से बदल जायेंगे कई नियम, ढीली होगी आपकी जेब! जानिए क्या होंगे बड़े बदलाव

नई दिल्ली, हर महीने की पहली तारीख अपने साथ कुछ नए नियम लेकर आती है. जून का महीना अब खत्म होने को है जुलाई का महीना शुरू होने की कगार पर है. भारत में 1 जुलाई 2026 से कई महत्वपूर्ण वित्तीय नियम बदल रहे हैं, जिनका ग्राहकों करदाताओं पर सीधा असर होगा.

इन नए नियमों में यूपीआई से पीएफ की निकासी से लेकर क्रेडिट कार्ड के नियम पासपोर्ट की बढ़ी हुई फीस जैसी कई चीजें शामिल हैं. आइए विस्तार से जानते हैं कि 1 जुलाई से आपकी जेब जिंदगी पर क्या असर पड़ने जा रहा है.

इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की आखिरी तारीख

नौकरीपेशा बिना ऑडिट वाले टैक्सपेयर्स के लिए सैलरीड इनकम टैक्स रिटर्न भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई है. यानी कि सैलरी पाने वाले कर्मचारी वे लोग जिनकी इनकम कैपिटल गेन्स, हाउस प्रॉपर्टी या ऐसी दूसरी नॉन-बिजनेस इनकम से होती है जिसके लिए ऑडिट की जरूरत नहीं है, उन्हें समय रहते अपना रिटर्न भर लेना चाहिए. आखिरी तारीख का इंतजार करने से बचने के लिए इसे जुलाई के महीने में ही पूरा करना समझदारी होगी.

HDFC क्रेडिट कार्ड के बदलेंगे नियम

1 जुलाई से नए वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही शुरू हो रही है. इस मौके पर एचडीएफसी बैंक अपने कुछ खास क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव करने जा रहा है. नए नियम के अनुसार, अब घरेलू एयरपोर्ट लाउंज का एक्सेस पाने के लिए हर तिमाही में खर्च की एक नई सीमा पूरी करनी होगी. इस पॉलिसी के तहत, ग्राहकों को अगली तिमाही में मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस पाने के लिए पिछली तिमाही में कम से कम 60000 रुपये खर्च करने होंगे.

एलपीजी ईंधन की कीमतों में बदलाव

हर महीने की पहली तारीख की तरह 1 जुलाई को भी तेल विपणन कंपनियां रसोई गैस सिलेंडर, सीएनजी पीएनजी की कीमतों की समीक्षा करेंगी. इस दौरान घरेलू कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बदलाव देखने को मिल सकता है. साथ ही हवाई जहाजों के ईंधन के लिए भी नए रेट जारी किए जाएंगे, जिसका सीधा असर हवाई सफर के टिकट की कीमतों पर पड़ सकता है.

यूपीआई से निकाला जा सकेगा पीएफ का पैसा

1 जुलाई से यूपीआई के जरिए पीएफ निकालना काफी आसान हो जाएगा. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के जुलाई में अपने नए डिजिटल प्लेटफॉर्म को लॉन्च करने की उम्मीद है. इस सुविधा के शुरू होने के साथ खाताधारक यूपीआई के जरिए अपने पीएफ का पैसा निकाल सकेंगे. इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद पीएफ का पैसा निकालने में कुछ दिन नहीं, बल्कि चंद मिनट का समय लगेगा.

पासपोर्ट बनवाना होगा काफी महंगा

विदेश मंत्रालय ने एक दशक से भी अधिक समय के बाद पासपोर्ट की फीस में भारी बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. 1 जुलाई से लागू नए नियमों के तहत, 36 पेज के नए या री-इश्यू पासपोर्ट की फीस 1500 रुपये से बढ़कर 2500 रुपये हो जाएगी. यानी इसमें सीधे 1000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. वहीं, तत्काल सर्विस के लिए अब 3500 की जगह 5000 रुपये देने होंगे.

रेलवे पेनल्टी के नियमों में बड़ी सख्ती

1 जुलाई से बिना टिकट यात्रा करने पर रेलवे में डबल जुर्माना देना होगा. नए नियमों के तहत, जुर्माने की राशि को 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये किया जा रहा है. इसके साथ ही अब से अगर कोई पुरुष यात्री महिला कोच में सफर करते हुए पकड़ा गया, तो उस पर 2500 रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है.

फ्री में अपडेट कर सकेंगे अपना पहचान पत्र

नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने अगले कुछ महीनों के लिए ऑनलाइन पहचान दस्तावेज अपडेट करने की सुविधा को बिल्कुल मुफ्त कर दिया है. पहले अपने नाम, पते या अन्य विवरणों को पोर्टल पर ऑनलाइन सुधारने या अपडेट करने के लिए शुल्क देना पड़ता था, लेकिन अब इस मुफ्त सुविधा का लाभ उठाकर लोग अपने जरूरी पहचान पत्र को बिना किसी खर्च के आसानी से अपडेट कर सकते हैं.

Related Posts