इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया द्वारा मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह आयोजित

लखनऊ, इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से ईदगाह, लखनऊ में एक भव्य “सम्मान समारोह” आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए।

इस समारोह में लगभग 300 विद्यार्थियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें सीएमएस, ला मार्टिनियर कॉलेज, क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कैथेड्रल कॉलेज, द लखनऊ पब्लिक कॉलेजिएट, सेंट मेरी इंटर कॉलेज और शाहीन अकादमी जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएँ शामिल थे।

इस अवसर पर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि इस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि लखनऊ को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि यहाँ ऐसे उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान हैं जो बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यही विद्यार्थी भविष्य में देश के अधिकारी, शिक्षक, व्यापारी और नेता बनेंगे तथा भारत की तरक्की और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए अनुशासन और मेहनत को सबसे जरूरी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई में सफलता के लिए कुछ महत्वपूर्ण बातें अपनाने की सलाह दी, जैसे—
पढ़ाई में नियमितता बनाए रखना,
मोबाइल और स्क्रीन का कम इस्तेमाल करना, कक्षा में नियमित पढ़ाई करना,किताबें पढ़ने की आदत डालना, नियमित लिखने का अभ्यास करना,समय पर दोहराई (रिवीजन) करना,सैंपल पेपर हल करना,पिछले 10 वर्षों के प्रश्न पत्रों का अभ्यास करना,रोज़ 5 से 6 घंटे स्वअध्ययन करना.

उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी इन बातों को ईमानदारी से अपनाएँ, तो वे जीवन में बड़ी सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कुछ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए।

सम्मान-पत्र एवं पुरस्कार डॉ. जावेद आलम खान, राजेन्द्र सिंह बग्गा, सिराज मेहदी, मोइद अहमद, श्रीमती ज़ेबा गुफरान, राकेश छत्री, सैयद शोएब, शेहला हक़, डॉ. सऊद-उल-हसन, डॉ. शारिक हबीब, डॉ. अंसार, नदीम अशरफ, हरपाल सिंह एवं मजहर अल्वी द्वारा प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देने के साथ हुआ।

Related Posts