LPG सिलेंडर के दाम 115 रुपये तक बढ़े, कच्‍चा तेल रिकॉर्ड चढ़ा! पेट्रोल-डीजल और CNG-PNG पर क्या है अपडेट

नई दिल्ली, भारत में LPG सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं. 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, ज‍बकि 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. कमर्शियल सिलेंडर के दाम 7 दिन के भीतर दूसरी बार बढ़े हैं. इससे पहले 1 मार्च को 28 से 31 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी. बढ़ी हुई कीमतें आज शनिवार, 7 मार्च 2026 से ही लागू हो गई हैं. दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल के दाम फिलहाल लगभग स्थिर बने हुए हैं. स्‍थानीय स्‍तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुछ पैसों का बदलाव देखा जा रहा है.

कच्‍चे तेल की कीमतें बढ़ीं 

क्रूड ऑयल की बात करें तो शुक्रवार को कच्‍चे तेल के बाजार भाव में अचानक बढ़ोतरी देखी गई थी, जिसने ग्‍लोबल ट्रेडर्स को चौंका दिया. तेल के वायदा भाव में तेज उछाल देखने को मिला. 8-9 घंटे के दरमयान WTI क्रूड ऑयल की कीमतें करीब 12 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ गईं और कुछ समय के लिए तो भाव 92 डॉलर के पार पहुंच गया. इस तेज उछाल ने ग्‍लोबल कमोडिटी मार्केट में हलचल मचा दी. भारतीय समयानुसार, शनिवार सुबह 6:30 बजे क्रूड ऑयल की कीमतें 9.89 डॉलर या 12.21% के उछाल के साथ 90.90 डॉलर/बैरल पर थीं, जबकि ब्रेंट का भाव 7.63 डॉलर या 8.93% के उछाल के साथ 93.04 डॉलर/बैरल पर बना हुआ था.

दिल्‍ली, मुंबई में LPG सिलेंडर कितने का मिलेगा? 

दिल्‍ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दाम 60 रुपये तक बढ़ गए हैं और इसी के साथ दिल्ली में घरेलू सिलेंडर के दाम 853 रुपये से बढ़कर अब 913 रुपये हो गए हैं. कोलकाता में 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम अब 939 रुपये हो गए हैं. मुंबई में घरेलू गैस सिलेंडर अब 912.50 रुपये का मिलेगा, जबकि चेन्‍नई में  इसकी कीमत बढ़ कर 928.50 रुपये हो गई है.

19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 114.50 से 115 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. दिल्‍ली में ये अब 1,883 रुपये, मुंबई में 1,835 रुपये में, कोलकाता में 1,990 रुपये में जबकि चेन्नई में 2,043.50 रुपये  में मिलेगा.

Related Posts