इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा NBDA के प्रेसिडेंट चुने गए , 2024-25 तक संभालेंगे ये जिम्मेदारी

नई दिल्ली, इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा को NBDA (News Broadcasters & Digital Association) का प्रेसिडेंट चुना गया है। वह 2024-25 तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

इस दौरान रजत शर्मा को प्रेसिडेंट चुना गया। प्रेसिडेंट चुने जाने के बाद रजत शर्मा ने NBDA को संबोधित किया। उन्होंने समाचार प्रसारकों के सामने आने वाली चुनौतियों पर बात की। रजत शर्मा ने कहा, “डिजिटल मीडिया के एक हिस्से का दुरुपयोग समाचार प्रसारकों पर लगातार हमला करने के लिए किया जा रहा है। हमें मिलकर काम करना होगा और इस खतरे से लड़ना होगा।”

रजत शर्मा ने कहा, “हमारे संपादकों, एंकरों और रिपोर्टरों को निशाना बनाया जा रहा है। वे भारी दबाव में काम कर रहे हैं। उनकी विश्वसनीयता को लगातार खतरा पहुंचाने वाला माहौल बना दिया गया है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि उन्हें भयमुक्त होकर खबर देने का माहौल मिले। आज न्यूज इंडस्ट्री एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है। एनबीडीए को न्यूज इंडस्ट्री के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से काम करने की जरूरत है।”

आपको बता दें कि एनबीडीए के बोर्ड ने रजत शर्मा को सर्वसम्मति से प्रेसिडेंट चुना। एनबीडीए भारत में समाचार प्रसारकों और डिजिटल मीडिया का सबसे बड़ा संगठन है। इसमें देश के लगभग सभी प्रमुख समाचार नेटवर्क शामिल हैं।

कौन हैं रजत शर्मा?

रजत शर्मा इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ हैं। वह अपने टीवी शो आप की अदालत से घर-घर में पहचाने जाते हैं। इसमें वह मशहूर हस्तियों से बातचीत करते हैं। उनसे तीखे सवाल करते हैं। करीब दो दशक पहले रजत शर्मा ने इंडिया टीवी लॉन्च किया था। रजत शर्मा प्रेरक वक्ता भी हैं। उन्हें अक्सर दुनिया भर के प्रतिष्ठित संस्थानों में अपने विचार साझा करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

Related Posts