छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्रेमी ने महिला का रेप करने के बाद की बेरहमी से हत्या, महिला की 12 पसलियां टूटीं. दिल-फेफड़े भी फटे

अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक और गंभीर मामला प्रकाश में आया है, जहां रिंग रोड किनारे खून से लथपथ एक अधेड़ महिला का शव मिला है। पुलिस ने तुरंत ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर यह माना जा रहा है कि महिला के साथ किसी ने घिनौना अपराध किया है, जिसमें रेप भी शामिल है, और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई है।

मेडिकल रिपोर्ट में बताया गया है कि महिला के सीने में 12 पसलियां पूरी तरह टूट गई थीं, और पसली की हड्डियों के कई टुकड़े हो गए थे। इससे उसके फेफड़े और हृदय फट गए थे। सिर में भी तीन जगह गंभीर चोटें आई हैं, साथ ही सिर की तीन हड्डियां टूटी हुई थीं। गले को भी दबाने की कोशिश की गई थी। प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि महिला के प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल डाली गई थी, जिससे हत्या की इस जघन्य घटना में बलात्कार की आशंका बलवती हो गई है। महिला के चेहरे को भी बुरी तरह कुचला गया है, जिससे उसकी पहचान छिपाने का प्रयास किया गया है।

घटना स्थल पर खून का व्यापक प्रवाह देखा गया है। महिला का शव खून से लथपथ पड़ा था। पुलिस को मौके से धारदार हथियार के निशान भी मिले हैं। जांच के दौरान पता चला है कि महिला की उम्र लगभग 45 वर्ष है। वह पिछले दस वर्षों से अपने पति की मौत के बाद किराए के घर में रह रही थी।

पुलिस की जांच में पता चला है कि महिला का एक 25 साल का बेटा है, जो गंगापुर इलाके में रहता है। महिला दो-तीन महीने से अपने घर नहीं गई थी। जब वह घर जाती थी, तो उसके साथ उसका प्रेमी भी रहता था। उसका नाम पुष्पा बताया गया है, जो नशे की लत और अजीबो-गरीब हरकतों के लिए जानी जाती थी। उसका प्रेमी खुद को मिथुन उर्फ पांडा बताता है।

पुलिस को कुछ CCTV फुटेज मिले हैं, जिनमें महिला और आरोपी रात करीब 1 बजे घटनास्थल की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में महिला उसके कंधे पर हाथ रखी हुई है, तो दूसरी में दोनों खाने-पीने का सामान खा रहे हैं। आरोपी का चेहरा भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। फिलहाल, पुलिस उसकी पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।

इस जघन्य घटना पर छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि, “अंबिकापुर की एक बेटी के साथ दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या की गई है। यह हैवानियत दिल्ली के निर्भया कांड जैसी है। यह घटना न सिर्फ दिल दहला देने वाली है, बल्कि इस पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।” सिंहदेव ने आरोपी को फांसी देने की मांग की है और कहा है कि ऐसी घटनाओं के लिए कठोर सजा दी जानी चाहिए।

वहीं, महिला कांग्रेस ने भी इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया है। उन्होंने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। उनका कहना है कि, “यह हमारे समाज की महिलाओं की सुरक्षा का सवाल है। हम राष्ट्रपति महोदय को पत्र भेजकर इस जघन्य अपराध के आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग करेंगे।”

पुलिस ने कहा है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम लगातार जांच कर रही है। महिला का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

Related Posts