IMD का एलर्ट, बदल जायेगा उत्तर प्रदेश का मौसम, चलेंगी तेज़ हवाएं, गरज चमक के साथ होगी झमाझम बारिश

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव की आहट है। अमौसी मौसम केन्द्र के अनुसार बुधवार को लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। सूबे के दक्षिण पूर्वी हिस्से के ऊपर एक चक्रवाती हवा के दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है।

इसके असर से लखनऊ समेत कई जिलों के मौसम में बदलाव आएगा। बुधवार को बादलों की आवाजाही सुबह से ही शुरू हो गई है। कई स्थानों पर तेज हवा भी चल रही है। एक से दो बार बारिश हो सकती है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का भी अंदेशा है।

दिन का पारा 2.9 डिग्री नीचे आया
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हवाओं से मंगलवार को प्रचंड गर्मी से थोड़ी राहत मिली। धूप में गर्मी थी,लेकिन हवा में हल्की ठंडक से असर कम था। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार अधिकतम पारा सामान्य से 2.9 डिग्री कम 36.8 दर्ज किया गया। न्यूनतम 27.2 डिग्री रहा। सोमवार-मंगलवार रात हवा में नमी से उमस ज्यादा थी। इससे न्यूनतम पारा सामान्य से 2.9 डिग्री ज्यादा रहा।

पुरवइया ने दी थोड़ी राहत 5.6 डिग्री लुढ़का पारा
प्रयागराज में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को मंगलवार को पुरवइया ने राहत दी। दिन का पारा 24 घंटे पहले के 44.0 डिग्री सेल्सियस से 5.6 डिग्री गिरावट के साथ 38.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह मई के औसत 40.8 डिग्री सेल्सियस से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने का कहना है कि अरब सागर से चलने वाली पुरवइया हवा की वजह से तापमान में गिरावट आई है। इसका असर 13 मई तक रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। सोमवार की रात बादल छाने के साथ ही पुरवइया हवा चलने लगी। हालांकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया। यह 27.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। मंगलवार को दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ पुरवइया हवा के चलने से तपिश से राहत मिली। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

तापमान में दिखी नरमी पर उमस ने बढ़ाई गर्मी
कानपुर में उत्तर-पूर्वी हवाओं से तापमान गिर गया लेकिन नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी शुरू हो गई। तापमान कम होने के बावजूद गर्मी का अहसास 05-06 डिग्री अधिक वाला रहा। उमस से लोग पसीने-पसीने हो गए। मौसम विभाग का कहना है कि अब 13 तक आंधी-पानी की संभावनाएं बनी रहेंगी। पूर्वी-उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार को एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 43.5 से घटकर 39.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। लेकिन न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री से बढ़कर 27.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के वेदर स्टेशन पर अधिकतम पारा सोमवार को 41.2 के मुकाबले मंगलवार को 37.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। न्यूनतम तापमान 23.4 से बढ़कर 25.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। नमी का प्रतिशत अचानक बढ़ गया। अधिकतम नमी 33 से 61 और 18 से 39 प्रतिशत हो गई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अब 13 मई तक मौसम में बदलाव दिखेगा।

आंधी-पानी के बीच मतदान की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 12 और 13 को कानपुर मंडल में आंधी, बारिश, चमक आदि का पूर्वानुमान है। यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। कानपुर नगर, आसपास के जनपदों में 13 मई को चुनाव है। इस दौरान या इससे पहले रात में मौसम बिगड़ सकता है।

Related Posts