निकली अपनी ही पत्नी इंस्टाग्राम वाली गर्लफ्रेंड, चेहरे से दुपट्टा हटाते ही उतरी इश्कबाजी, उठा ले गई पुलिस

प्रयागराज, प्रयागराज के दारागंज इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर लोग हैरान भी हैं और ठहाके भी लगा रहे हैं। एक रंगीन मिजाज पति इंस्टाग्राम पर जिस लड़की से दोस्ती कर इश्कबाजी कर रहा था।

प्रेमिका समझकर दिल दे बैठा और जिससे शादी के वादे करने लगा, वह असल में उसकी अपनी ही पत्नी निकली। होटल में मिलने के लिए लगातार बुलाता रहा लेकिन मंदिर में मिलने की बात तय हुई। यहां जैसे ही पत्नी ने चेहरे से दुपट्टा हटाया, पति के होश उड़ गए। प्यार का भूत उतरा तो हंगामा मचा दिया। अंततः पुलिस बुलानी पड़ी। पत्नी की तहरीर पर पति को पुलिस थाने उठा ले गई।

चार साल से मायके में थी पत्नी

मामला नवाबगंज के जगापुर गांव की रहने वाली सोनी त्रिपाठी से जुड़ा है। सोनी की शादी करीब नौ वर्ष पहले प्रतापगढ़ के कालाकांकर निवासी प्रभुदत्त त्रिपाठी उर्फ ‘राजा’ से हुई थी। सोनी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया था। पिछले चार वर्षों से सोनी अपनी पांच साल की बेटी के साथ मायके में रह रही थी और न्याय की गुहार लगा रही थी, लेकिन पति उसे अपनाने को तैयार नहीं था।

इंस्टाग्राम पर बिछाया जाल

पति की रंगीन मिजाजी और उसके चाल-चलन का पता लगाने के लिए सोनी ने एक अनोखा रास्ता चुना। उसने इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी बनाई और पति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। प्रभुदत्त उसे पहचान नहीं सका और उसे कोई दूसरी लड़की समझकर चैटिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों के बीच बातचीत होने लगी। प्रभुदत्त एकतरफा प्यार भी करने लगा। उसने अपनी ‘इंस्टाग्राम वाली गर्लफ्रेंड’ के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। उसे मिलने के लिए होटल आने का दबाव बनाने लगा।

मंदिर में मुलाकात और हाई वोल्टेज ड्रामा

सोनी ने होटल जाने से मना कर दिया और मिलने के लिए दारागंज स्थित ऐतिहासिक नागवासुकी मंदिर का स्थान तय किया। प्रभुदत्त पूरी तैयारी के साथ मंदिर पहुंचा, तो सोनी वहां पहचान छिपाकर चेहरा ढंक कर पहुंची। प्रभुदत्त जैसे ही करीब आया और सोनी ने अपने चेहरे से दुपट्टा हटाया, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

खुद को फंसता देख प्रभुदत्त ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। लेकिन सोनी ने पहले ही सतर्कता बरतते हुए परिजनों और पुलिस को सूचित कर दिया था। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने प्रभुदत्त को दबोच लिया और थाने ले आई। दारागंज पुलिस ने बताया कि सोनी की तहरीर के आधार पर आरोपी पति प्रभुदत्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Related Posts