नई दिल्ली: कांग्रेस नेताओं को पार्टी में बड़े पद और चुनाव टिकट दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, अमृतसर के रहने वाले गौरव कुमार (42) को देहरादून में गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप है कि उसने कांग्रेस नेताओं को पार्टी में पद और चुनाव के टिकट दिलाने का वादा करके उनसे पैसे ठगे।
पुलिस का कहना है कि उसने एक नकली ट्रू कॉलर अकाउंट का इस्तेमाल करके कनिष्क सिंह होने का नाटक किया। कनिष्क सिंह पहले राहुल गांधी के सेक्रेटरी रह चुके हैं। एक स्थानीय अदालत ने कुमार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। देहरादून पुलिस ने कहा कि वह आगे की पूछताछ के लिए उसकी रिमांड मांगेगी।
पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रमोद कुमार ने कहा, ‘गिरफ्तार आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हम इस मामले में आगे की जांच के लिए पुलिस हिरासत रिमांड के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रहे हैं।’
कैसे हुआ इस पूरे मामले का खुलासा?
यह मामला तब सामने आया जब देहरादून की रहने वाली कांग्रेस नेता भावना पांडे ने 3 मई को राजपुर पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ 25 लाख रुपये की ठगी की गई है। पांडे ने पुलिस को बताया कि कुमार ने उन्हें पार्टी में कोई बड़ा पद दिलाने का वादा किया था। देहरादून के एक होटल से फोन करते समय उसने उन्हें कुछ आवाजों की रिकॉर्डिंग भी सुनाई, और दावा किया कि ये आवाजें कांग्रेस के बड़े नेताओं की हैं। उसकी बातों पर यकीन करके, उन्होंने अपने एक सहयोगी के जरिए उसे पैसे दे दिए।
पैसे मिलने के बाद आरोपी ने तोड़ा संपर्क
बाद में पांडे ने आरोप लगाया कि गौरव कुमार ने उनसे कहा था कि कांग्रेस आलाकमान उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल से नाराज है, और राज्य इकाई में नेतृत्व बदलने के लिए पैसों की जरूरत है।




