लखनऊ, परिवहन निगम के रुपईडीहा बस स्टेशन पर सवारी भर रही कैसरबाग डिपो की बस के कंडक्टर के साथ कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। पीड़ित का आरोप है कि टाइम कीपर ने काफी पिटाई की है।
यह सूचना जैसे ही कैसरबाग बस स्टेशन के साथियों को मिली उन्होंने विरोध में बसों का संचालन ठप कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक बस अड्डे के बाहर बसें नहीं निकलीं, जिसके चलते यात्री काफी परेशान हुए। वहीं, संचालन ठप होने की सूचना पर पहुंचे आरएम लखनऊ मंडल के हस्तक्षेप के बाद संचालन दोबारा शुरू हुआ, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
डेढ़ घंटा ठप रहा बसों का संचालन
कैसरबाग डिपो की बस यूपी 78 एलएन 0721 पर तैनात परिचालक अश्विनी बहराइच के रुपईडीहा बस स्टेशन पर सवारियां भर रहे थे। आरोप है कि यहां पर बस खड़ी करने को लेकर टाइम कीपर शानू ने उनसे हाथापाई की। विरोध किया तो जमकर पीटा। यह सब डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राम प्रकाश के सामने हुआ, लेकिन उन्होंने कोई बीच बचाव नहीं किया। मारपीट की सूचना कैसरबाग डिपो में उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष आमिर जावेद को दी गई।
अकसर होता है झगड़ा
आमिर ने बताया कि आए दिन रुपईडीहा में कैसरबाग डिपो के चालक परिचालकों को सवारियां नहीं भरने दी जातीं। उन्हें परेशान किया जाता है। आज वहां पर हमारे परिचालक अश्विनी की पिटाई की गई। जिससे नाराज होकर चालक परिचालकों ने कैसरबाग बस स्टेशन से बसों का संचालन ठप कर दिया। दोपहर बाद करीब डेढ़ घंटे तक बसें किसी रूट पर नहीं भेजी गईं। इनमें हरदोई, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर के लिए डेढ़ घंटे तक संचालन बाधित रहा।
मौके पर पहुंचकर शिकायत लिख कर देने को कहा गया है। मामले की जांच करवाई जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।
-आरके त्रिपाठी, आरएम, लखनऊ मंडल




