नई दिल्ली, देशभर में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR अभियान ने लोगों को अपने मतदाता रिकॉर्ड सही करने का मौका दिया है। BLO घर-घर पहुंचकर फॉर्म बांट रहे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा दिक्कत इसी फॉर्म को भरते समय हो रही है।
कई लोग जल्दबाजी में ऐसी गलतियां कर दे रहे हैं, जो कानूनन अपराध साबित हो सकती हैं और एक साल की सजा और जुर्माना तक का कारण बन सकती हैं। अगर आपने भी SIR फॉर्म भरते समय कोई चूक की है, दो जगह फॉर्म जमा कर दिए हैं या पता गलत दर्ज कर दिया है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
दो जगह SIR फॉर्म भर दिया तो सीधे मामला बन जाएगा अपराध
सबसे बड़ी गलती यही देखी जा रही है कि लोग अपने पुराने और नए दोनों पते पर फॉर्म भरकर जमा कर दे रहे हैं। अगर आप एक शहर के मूल निवासी हैं लेकिन सालों से दूसरे शहर में रहते हैं और दोनों जगह BLO ने फॉर्म दे दिया, तो बहुत से लोग दोनों जगह फॉर्म भर देते हैं।
अगर दोनों लोकेशन पर SIR फॉर्म जमा हो गया और BLO ने उसे ऑनलाइन सबमिट भी कर दिया, तो आपकी एंट्री दो जगह दर्ज हो जाएगी। यह Representation of the People Act के तहत अपराध माना जाता है। इस गलती पर सीधे एक साल की सजा और भारी जुर्माना लग सकता है।
लेकिन राहत की बात यह है कि अगर आप इसे समय रहते ठीक कर दें, तो आप पूरी तरह सजा और जुर्माने से बच सकते हैं।
फॉर्म कैंसिल करवाना है जरूरी: कैसे बचेगी सजा
अगर आपने गलती से दो लोकेशन पर फॉर्म भर दिया है, तो घबराएं नहीं। सबसे पहले अपने BLO से तुरंत संपर्क करें। उन्हें बताएं कि फॉर्म गलती से दो अलग जगह जमा हो गया है और आपको एक रिकॉर्ड हटवाना है।
इसके लिए आपको Form 7 भरकर देना होगा। इससे एक लोकेशन का रिकॉर्ड पूरी तरह कैंसिल कर दिया जाएगा और आपका नाम सिर्फ एक जगह सुरक्षित रहेगा। यही तरीका आपको सजा और जुर्माने से बचाता है।
निर्वाचन आयोग ने साफ कहा है कि समय रहते सुधार कर लेने पर किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं होंगी
फॉर्म भरते समय ये गलतियां बिल्कुल न करें
SIR फॉर्म में छोटी-छोटी गलतियां भी फॉर्म रिजेक्ट करवा देती हैं। नीचे वे चूकें हैं, जिनसे सबसे ज्यादा लोग परेशान हैं।
1. नाम में गलती
वोटर आईडी, आधार और फॉर्म में आपका नाम एक जैसा होना चाहिए। स्पेलिंग में थोड़ा भी अंतर हुआ तो फॉर्म रिजेक्ट हो जाएगा।
2. गलत पता भरना
SIR फॉर्म में दर्ज किया गया पता आपके कागजात से मेल खाना चाहिए। गलत पता डालने पर अपडेट रुक जाता है।
3. मोबाइल नंबर लिंक न होना
मोबाइल नंबर वोटर आईडी से लिंक न होने पर OTP वेरिफिकेशन संभव नहीं होगा। इसके लिए Form 8 से नंबर अपडेट करना पड़ता है।
4. EPIC नंबर की गलती
EPIC नंबर में एक भी डिजिट गलत हो गई तो फॉर्म सबमिट ही नहीं होगा।
5. पुरानी मतदाता सूची चेक न करना
बहुत से लोग यह जांच ही नहीं करते कि उनका या माता-पिता का नाम 2003 की सूची में है या नहीं। गलत कॉलम भरने से फॉर्म रिजेक्ट हो जाता है।
6. दस्तावेज असत्यापित
फोटो, आधार या वोटर आईडी में गलती या धुंधलापन भी फॉर्म अस्वीकार कर सकता है।
7. ऑफलाइन और ऑनलाइन में अलग जानकारी
अगर दोनों में अलग-अलग जानकारी दी तो सिस्टम एंट्री को रिजेक्ट कर देता है।
8. फोटो सही न होना
फोटो अपलोड करते समय सफेद बैकग्राउंड और साफ चेहरा जरूरी है।
9. गलत जिला या पोलिंग स्टेशन चुनना
यदि आपने जिले या विधानसभा क्षेत्र का गलत चयन किया तो आपकी एंट्री दूसरी जगह चली जाएगी और फॉर्म रद्द हो जाएगा।
10. फॉर्म समय पर जमा न करना
तारीखें तय हैं। देर से फॉर्म देने पर नाम अपडेट नहीं होगा।
2003 की वोटर सूची में नाम नहीं? जानिए कौन सा कॉलम भरना है
जिनका नाम 2003 की लिस्ट में नहीं है, वे फॉर्म के ऊपरी हिस्से में फोटो, नाम, EPIC नंबर आदि भरें। और जिनका नाम 2003 की सूची में पहले से मौजूद है, वे नीचे वाले कॉलम में वही जानकारी भरें जो उस सूची में दर्ज है। परिवार के जिन सदस्यों का नाम सूची में नहीं है, उन्हें भी निर्धारित कॉलम भरने के बाद हस्ताक्षर करना जरूरी है।
दो वोटर ID रखना अपराध: जुर्माना और जेल दोनों संभव
कई लोगों के पास पता बदलने या भूलवश दो वोटर आईडी बन जाते हैं। लेकिन ध्यान रखें – यह अपराध है। Representation of the People Act, 1950 की धारा 31 के तहत दो वोटर कार्ड रखने पर:
- 6 महीने की जेल,
- 1000 रुपये तक का जुर्माना,
- या दोनों सजा हो सकती है।
- अगर आपने दोनों कार्ड का इस्तेमाल मतदान में किया, तो मामला और गंभीर हो जाता है।
डुप्लीकेट Voter ID कैसे हटाएं – आसान तरीका
सबसे आसान तरीका – ऑनलाइन हटाएं
www.nvsp.in पर जाएं।
लॉगिन करें या नया अकाउंट बनाएं।
“Deletion or Objection” सेक्शन में Form 7 भरें।
कारण में लिखें – Duplicate Voter ID Issued Mistakenly।
डॉक्युमेंट अपलोड करें।
सबमिट करके स्टेटस ट्रैक करें।
BLO वेरिफिकेशन के बाद डुप्लीकेट एंट्री हट जाएगी।
ऑफलाइन तरीका
अपने BLO या ERO कार्यालय में जाकर Form 7 भरकर जमा करें।
अगर समय रहते गलतियां सुधार ली जाएं, तो SIR अभियान आपके वोटर रिकॉर्ड को दुरुस्त करने का सबसे अच्छा मौका साबित हो सकता है। लेकिन अगर लापरवाही की तो एक छोटी सी चूक भी बड़ी कानूनी कार्रवाई में बदल सकती है।
SIR फॉर्म भरते समय होने वाली कुछ सामान्य गलतियां (Mistakes) से बचने के तरीके
मूल दस्तावेज साथ रखें: फॉर्म भरते समय अपना EPIC, आधार कार्ड, और कोई भी अन्य पहचान पत्र/पता प्रमाण अपने पास रखें ताकि विवरण सटीक भरा जा सके।
वर्तनी जांचें: सुनिश्चित करें कि नाम और पता आपके पहचान दस्तावेजों में दी गई वर्तनी के बिल्कुल अनुरूप हो।
सभी कॉलम भरें: फॉर्म में दिए गए सभी अनिवार्य कॉलम को ध्यान से भरें। यदि कोई जानकारी लागू नहीं होती है, तो उसे खाली न छोड़ें, बल्कि (Not Applicable) लिखें।
BLO से संपर्क करें: फॉर्म में कोई संदेह या भ्रम होने पर तुरंत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) या संबंधित सहायता डेस्क से संपर्क करें।
ऑनलाइन ऑप्शन: यदि आप ऑनलाइन फॉर्म भर रहे हैं, तो सुनिश्चित करें कि आप voters.eci.gov.in पोर्टल पर ही भरें और मोबाइल नंबर को EPIC से लिंक करने जैसी प्रक्रिया पूरी करें।
अद्यतन (Update) जानकारी: फॉर्म जमा करने के बाद, सुनिश्चित करें कि BLO ने आपके फॉर्म का डेटा ECI पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। आप voters.eci.gov.in पर जाकर अपने आवेदन की स्थिति (Application Status) ट्रैक कर सकते हैं।




