लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भोलखेड़ा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां तैनात एक होमगार्ड ने आपसी कलह और विवाद के चलते अपनी ही पत्नी और बेटी की निर्मम हत्या कर दी.
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, होमगार्ड रविशंकर ने अपनी पत्नी श्याम दुलारी और 32 वर्षीय तलाकशुदा बेटी पूजा की मोबाइल चार्जर के तार से गला कसकर हत्या कर दी. सनक इस कदर सवार थी कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रविशंकर खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह घरेलू कलह और पारिवारिक तनाव से पूरी तरह ऊब चुका था, जिसके चलते उसने देर रात सोते वक्त इस वारदात को अंजाम दिया.
मौके पर पहुंचे डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने स्थिति का जायजा लिया और बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन हत्या के असली कारणों (मोटिव) की पड़ताल अभी जारी है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका पूजा की शादी 2018 और 2021 में हुई थी, लेकिन दोनों ही शादियां असफल रहीं, जिसके बाद से वह अपने माता-पिता के साथ ही रह रही थी. जांच के दौरान पुलिस को पूजा की किसी युवक से बातचीत होने की जानकारी भी मिली है, जिससे पूछताछ की जा रही है.
अचानक क्या हो गया था?
पुलिस का मानना है कि मामला सिर्फ ऊपर से दिखने जैसा सीधा नहीं है. घटना से एक रात पहले घर में पार्टी हुई थी और माहौल पूरी तरह खुशनुमा था. ऐसे में अचानक ऐसा क्या हुआ कि हंसते-खेलते घर में इतना बड़ा खूनी संघर्ष हो गया, यह जांच का विषय है. यह बात भी सामने आई है कि घटना की रात पत्नी अपने कमरे में अकेले सो रही थी, जबकि आरोपी होमगार्ड अपनी बेटी के कमरे में था.
हत्यारोपी की दूसरी बेटी ने ही अपने पिता के खिलाफ इस डबल मर्डर की तहरीर दी है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस मामले में परिजनों और अन्य लोगों द्वारा दिए जा रहे बयान काफी हद तक फिल्म ‘दृश्यम’ की तरह रटे-रटाए और संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खौफनाक दोहरे हत्याकांड के पीछे असल साजिश किसकी थी.




