दर्दनाक हादसा : करंट लगने से रात में सोते हुए पति-पत्नी की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया

आगरा, उत्तर प्रदेश के आगरा में शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुतकपुर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। रात में किसी को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। घटना की जानकारी रविवार सुबह होने पर पूरे गांव में कोहराम मच गया।

पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुतकपुर निवासी जगदीश पुत्र घीराम सिंह गांव में परचून की दुकान संचालित करने के साथ-साथ खेती-किसानी का कार्य भी करते थे। उनकी शादी लगभग 14 वर्ष पूर्व शशि देवी के साथ हुई थी। दंपति के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां मोना और सोना तथा दो बेटे सूर्य और हेमंत शामिल हैं। बताया गया है कि शनिवार रात करीब 11 बजे जगदीश अपनी परचून की दुकान बंद कर घर पहुंचे थे। खाना खाने के बाद वह अपनी पत्नी शशि के साथ कमरे में सोने चले गए। आशंका जताई जा रही है कि कमरे में चल रहे कूलर में बिजली का करंट उतर आया था।

बताया जा रहा है कि बिजली बोर्ड से निकला एक तार संदूक पर गिर गया था, जिससे करंट फैल गया और सो रहे पति-पत्नी उसकी चपेट में आ गए। रविवार सुबह काफी देर तक घर से कोई गतिविधि नहीं होने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। जब परिजन और ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे तो पति-पत्नी को मृत अवस्था में देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

इस हृदयविदारक घटना में चार मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। सूचना मिलते ही थाना शमसाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने पड़ोसियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। साथ ही कमरे में बिजली के तार की जांच की गई है। उन्हीं को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि संदूक पर तार गिरा जिससे कूलर और कमरे में करंट फैला।

वहीं, देर रात हादसा होने के कारण बच्चों या पड़ोसियों को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। सुबह हल-चल न होने पर घर में जांच की गई तो दोनों मृत मिले। बच्चों की जिम्मेदारी के लिए अन्य परिवारजनों को जानकारी दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Posts