लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिसमें तकरीबन डेढ़ दर्जन लोगों के मरने की सूचना मिली है।
बताया गया कि आग बिल्डिंग में चल रहे पेट शॉप में लगी, जिसके बाद पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई। इमारत में पेट शॉप, लाइब्रेरी, गेमिंग जोन और एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था।
इमारत में पेट शॉप, लाइब्रेरी, गेमिंग जोन और एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था।

हादसे के बाद बिल्डिंग पर भी सवाल उठने लगे हैं और सामने आया है कि यह इमारत चारों तरफ से पैक थी, जिसकी वजह से आग लगने पर अंदर रह गए लोगों को बाहर भागने और निकलने का मौका तक नहीं मिला। तीन तरफ से दीवार होने के अलावा, सामने की तरफ बड़े-बड़े कांच लगे हुए थे। अंदर और बाहर जाने के लिए जो रास्ते बने हुए थे, वह भी इतने बड़े नहीं थे कि ऐसे हादसे होने पर अंदर फंसे लोग आसानी से बाहर निकल सकें। इसीलिए जैसे ही आग भड़की, ऊपर मंजिल पर फंसे कुछ बच्चों और लोगों ने वहीं से नीचे छलांग लगा दी। इससे वे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
आग लगने के कई वीडियोज सामने आए हैं। इसमें पूरी इमारत एक तरह से पैक नजर आ रही है। सामने की तरफ शीशा है। यही वजह है कि दीवार को तोड़कर अंदर फंसे कुछ लोगों को बाहर निकाला जा सकता। इससे और समय लगा, जिससे सभी लोग बाहर नहीं आ सके। सूत्रों के अनुसार, मरने वालों में ज्यादातर की जान अंदर दम घुटने से हुई है। बिल्डिंग के नीचे पेट शॉप थी, जहां बताया जा रहा है कि हादसे के समय कई बेजुबान भी थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप थी, जबकि ऊपर वाली मंजिल पर एनिमेशन सेंटर था और इससे जुड़ी चीजें बच्चों को सिखाई जाती थी।
मृतकों की उम्र 20-24 साल
मृतकों में ज्यादातर छात्र हैं। मृतक 20 से 24 साल की उम्र के थे। हादसे में झुलसे लोगों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना अलीगढ़ का दौरा रद्द करते हुए लखनऊ लौट रहे हैं। आग लगने की जानकारी होते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंच से कहा कि अभी-अभी जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक हादसा हुआ है। एक अग्निकांड की चपेट में कुछ बच्चे आए हैं। उसकी वजह से उनकी दुखद मौत हुई है। प्रशासन राहत कार्य में लगा हुआ है। दुखद घटना की वजह से तुरंत लखनऊ जाना पड़ रहा है। परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगायी
आग लगने पर कुछ युवक बाथरूम में बंद हो गए थे। एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगायी, लेकिन वह नीचे ग्रिल पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौजूद पहंचीं और आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर हैं। अग्निशमन कर्मियों ने इमारत की पिछली दीवार तोड़ दी है, जिसके जरिए शवों और घायलों को बाहर निकाला जा रहा है।
कई लोगों ने कूदकर जान बचाई। इस भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा “लखनऊ में हुई अग्निकांड में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायल शीघ्र स्वस्थ हों।”
रक्षा मंत्री और लखनऊ (Lucknow Agnikand) से सांसद राजनाथ सिंह ने अपने शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा कि, “लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ है, जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी हादसे पर दुख जताते एक्स पर पोस्ट किया कि, “लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
सपा प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी हादसे में जान गंवाने लोगों के प्रति अपनी संवेदना जताई। इन्होंने एक्स पर लिखा कि, “लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।




