कुरकुरे ने ले ली 28 वर्षीय युवक की जान, खाते समय टुकड़ा सांस की नली में फँसा

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 28 वर्षीय युवक की मौत सिर्फ इसलिए हो गई क्योंकि कुरकुरे (Kurkure) का एक टुकड़ा उसकी सांस की नली ( Solan Man Dies by Eating Kurkure ) में फंस गया।

यह हादसा उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत घनागुघाट के ताल गांव में हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। मृतक की पहचान हेमंत शर्मा के रूप में हुई है, जो दीपराम शर्मा के पुत्र थे।

हेमंत कसौली स्थित एक निजी होटल में काम करते थे और अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को निभा रहे थे। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन वह अपने घर पर आराम से कुरकुरा खा रहे थे। इसी दौरान कुरकुरे का एक छोटा टुकड़ा उनके गले में फंस गया। टुकड़ा सांस( की नली में पहुंचने के कारण उन्हें अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी। उनकी हालत देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने का फैसला किया।

परिजन हेमंत को सबसे पहले इलाज के लिए एमएमयू सुल्तानपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की और प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीजीआई में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया। इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। काफी कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

परिवार और गांव में पसरा मातम

हेमंत की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोगों को भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा है। ताल गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार गांव में ही किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि हेमंत मेहनती और जिम्मेदार युवक थे। वह नौकरी कर अपने परिवार की मदद करते थे और घर के महत्वपूर्ण सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवार को बड़ा झटका लगा है।

विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

मेडिकल एक्सपर्ट का कहना है कि भोजन या स्नैक्स खाते समय जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। कई बार छोटे खाद्य पदार्थ भी सांस की नली में फंसकर गंभीर स्थिति पैदा कर सकते हैं। खासकर बच्चों और युवाओं को खाते समय बातचीत, हंसी-मजाक या जल्दबाजी से बचना चाहिए। यह घटना सभी के लिए एक महत्वपूर्ण सीख है कि खाने-पीने के दौरान सतर्कता बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम ला सकती है। हेमंत शर्मा की दुखद मौत ने एक बार फिर लोगों को सावधानी और जागरूकता का संदेश दिया है।

Related Posts