पूरे उत्तर प्रदेश में वर्षा-तूफान का ‘महा अलर्ट’, 100 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, प्रशासन सतर्क

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में मौसम ने बीते दिनों अचानक बड़ी करवट ली थी। लेकिन आज प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे को बेहद संवेदनशील बताते हुए कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, कुछ इलाकों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे आमजन गंभीर रूप से प्रभावित हो सकते हैं।

मौसम विभाग का लेटेस्ट अपडेट

 

 

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के लगभग 60 जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं 15 जिलों में भारी वर्षा और बिजली गिरने का बड़ा खतरा बना हुआ है। विभाग ने आज शनिवार के लिए 10 से ज्यादा जिलों में मूसलाधार वर्षा के साथ वज्रपात की गंभीर चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने भी लोगों को बेहद सतर्क रहने और घरों में ही रहने की सलाह दी है।

पूर्वांचल में आज तेज वर्षा

पूर्वांचल के कई जिले इस वक़्त तेज वर्षा और भयंकर तूफान की चपेट में हैं। कुशीनगर, गोरखपुर और आसपास के इलाकों में लगातार वर्षा हो रही है। कुशीनगर के जिलाधिकारी ने लोगों के लिए बड़ी एडवाइजरी जारी करते हुए आगामी 2 दो दिनों तक सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने ग्रामीण इलाकों में लाउडस्पीकर के माध्यम से भी लोगों को चेतावनी देना शुरू कर दिया है।

इसे लेकर मौसम विभाग का कहना है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कमजोर मकानों को गंभीर नुकसान पहुंचने की पूरी संभावना है। किसानों को भी खेतों में काम करते वक़्त सतर्क रहने को कहा गया है। विभाग ने खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

आज दिखेगा मौसम का बड़ा प्रभाव

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम का बड़ा प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। बीते दिनों नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में देर रात अचानक तेज हवाएं चलने लगीं, जिसके बाद कई इलाकों में जमकर तेज वर्षा हुई। कुछ जगहों पर ट्रैफिक भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ। आज भी 12 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि करीब 20 जिलों में तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी दी गई है।

बीते दिनों प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में कई लोगों की मौत भी हो गई थी। ऐसे में प्रशासन और मौसम विभाग दोनों लगातार लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दो दिनों तक मौसम का यह खराब दौर जारी रह सकता है।

Related Posts