देवरिया, उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के थाना श्रीरामपुर पुलिस एवं एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, मोबाइल, बैंक दस्तावेज, लैपटॉप समेत नकदी बरामद की है। पुलिस नें 07 मई 2026 को रात्रि चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर प्रतापपुर फैक्ट्री की बाउंड्री वाल के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नितीश प्रताप सिंह (25 वर्ष), कमलेश सिंह (58 वर्ष) एवं मृत्युंजय खरवार (34 वर्ष) निवासी थाना श्रीरामपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ऑनलाइन गैम्बलिंग गेम और सट्टा खिलाने का कार्य करते थे। लोगों को झूठे ऑफर देकर ऑनलाइन गेमिंग खातों से धन निकासी के तरीके बताते थे तथा फिशिंग लिंक और फर्जी भुगतान प्रक्रिया के माध्यम से ठगी करते थे। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 18 एटीएम कार्ड, 02 बैंक पासबुक, 03 बैंक चेकबुक, 01 पासपोर्ट, 07 सिम कार्ड, 30 खाली सिम पैकेट, 07 एंड्रॉयड मोबाइल, 02 की-पैड मोबाइल, 04 स्कैनर, 01 एचपी लैपटॉप, वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट एवं 29,070 रुपये नकद बरामद किए हैं। वही इसके अलावा ठगी में उपयोग किए जा रहे 12 बैंक खातों में मौजूद करीब 1 लाख 25 हजार रुपये की धनराशि को फ्रीज कराया गया है। अन्य खातों की जांच एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।




