एक्टर से नेता बने विजय के हारने की अफवाह सुन फैन ने काट लिया गला, कृष्णागिरी में मच गया हड़कंप

चेन्नई, राजनीति और सिनेमा का मेल तमिलनाडु में कोई नई बात नहीं है, लेकिन कभी-कभी यह जुनून जानलेवा साबित होता है। कृष्णागिरी में सोमवार सुबह एक ऐसी ही खौफनाक घटना घटी, जिसने सबको सन्न कर दिया।

यहां तमिल सुपरस्टार और TVK पार्टी के नेता विजय के एक 28 वर्षीय प्रशंसक ने चुनाव नतीजों की अफवाह सुनकर खुदकुशी की कोशिश की।

अफवाह बनी जान की दुश्मन

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, के. महेंद्रन (28) नाम का युवक एक्टर विजय का बहुत बड़ा प्रशंसक और उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) का कट्टर समर्थक है। सोमवार सुबह वोटों की गिनती शुरू होने से पहले ही शहर में यह चर्चा छिड़ गई कि विजय चुनाव हार सकते हैं। बस, यह बात सुनते ही महेंद्रन अपना मानसिक संतुलन खो बैठा और उसने अपने घर के पास ही एक तेज हथियार से अपना गला रेत लिया।

मौके पर मची चीख-पुकार

महेंद्रन को खून से लथपथ देखकर आसपास के लोग तुरंत उसकी ओर दौड़े। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे फौरन संभाला और कृष्णागिरी सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि घाव काफी गहरा है और फिलहाल युवक को आईसीयू में गहन निगरानी में रखा गया है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इस घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मतगणना केंद्रों के आसपास और संवेदनशील इलाकों में गश्ती बढ़ा दी गई है ताकि समर्थकों के बीच किसी भी तरह की हिंसा या ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

टीवीके ने किया उलटफेर

अफवाहों से उलट थलापति विजय की नई पार्टी टीवीके ने तमिलनाडू में कमाल कर दिया है। विजय की पार्टी तमिलनाडू में रुझानों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। काउंटिंग अभी जारी है। अंतिम परिणाम थोड़ी देर में साफ हो जाएंगे।

Related Posts