स्मार्ट मीटर के खिलाफ लखनऊ में आम आदमी पार्टी का हल्लाबोल, शक्ति भवन पर प्रदर्शन, पुलिस ने घसीटकर हटाया

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित शक्ति भवन के गेट पर रविवार को उस समय हंगामा मच गया जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर की बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पीले दुपट्टे और आप की टोपी पहने कार्यकर्ता हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर शक्ति भवन के गेट पर सड़क पर बैठ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पोस्टरों पर लिखा था कि स्मार्ट मीटर स्मार्ट धोखा है, लूट की नीति बंद करो और बिजली हमारी हक हमारा स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए। प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ते देख पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।

पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की गई लेकिन वे डटे रहे। इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जमीन से घसीटते हुए जबरन उठाना शुरू किया। कई कार्यकर्ता जमीन पर लेट गए जिन्हें पुलिस ने हाथ-पैर पकड़कर उठाया और बस में बैठाया। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की भी हुई। पकड़े गए सभी कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर इको गार्डन ले जाकर छोड़ दिया गया।

आप नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता की जेब काटी जा रही है और सरकार इसके खिलाफ उठने वाली आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह का बर्ताव लोकतंत्र की हत्या है। पार्टी ने मांग की कि स्मार्ट मीटर को तुरंत वापस लिया जाए और जनता को बिजली बिल में राहत दी जाए।

Related Posts