नई दिल्ली, दिल्ली में शाहदरा के विवेक विहार में रविवार तड़के करीब पौने 4 बजे 8 फ्लैटों वाली एक 4 मंजिला रिहायशी इमारत B-13 में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। इमारत से लगभग 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना में जान गंवाने वालों में 4 पुरुष, 4 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। सभी 9 मृतकों की पहचान कर ली गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार ऐसा माना जा रहा है कि बिल्डिंग में आग एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट के कारण लगी, हालांकि सही कारण की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बता दें कि इस बिल्डिंग में हर फ्लोर पर दो-दो फ्लैट हैं, जिनमें एक फ्लैट आगे की तरफ है और दूसरा पीछे की तरफ है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर दुख जताते हुए घटना पर नजर बनाए हुए हैं।
दूसरी मंजिल के पीछे वाले फ्लैट में मिलीं 5 लाशें
1. अरविंद जैन (60 वर्ष) पुत्र छोटे लाल निवासी सेकेंड फ्लोर विवेक विहार
2. अनिता जैन (58 वर्ष) पत्नी अरविंद जैन
3. निशांत जैन (35 वर्ष) पुत्र अरविंद जैन
4. आंचल जैन (33 वर्ष) पत्नी निशंक जैन
5. आकाश जैन (1.5 वर्ष) पुत्र निशंक जैन
पहली मंजिल मृत मिले
1. शिखा जैन (45 वर्ष) पत्नी नवीन जैन
तीसरी मंजिल पर मिले मृतक एक परिवार हैं
- नितिन जैन 50 वर्ष
2. शैली जैन उम्र 48 वर्ष, पत्नी नितिन जैन
3. सम्यक जैन 25 वर्ष, पुत्र नितिन जैन
घायल नवीन जैन उम्र 48 वर्ष
आग पर काबू पाया गया
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस को सुबह 4 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया। घटनास्थल पर आगे की जांच और राहत-बचाव कार्य जारी है।
सीएम रेखा गुप्ता ने हादसे पर जताया दुख
सीएम रेखा गुप्ता सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, ‘विवेक विहार की एक इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है। हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, ”स्थानीय प्रशासन, DDMA, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के सभी आला अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। हमारे स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी राहत कार्य में अपना सहयोग कर रहे हैं। दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है।”
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा मौके पर पहुंचे
वहीं, दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और शाहदरा के विधायक संजय गोयल विवेक विहार में घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त किया। साथ ही बताया कि पुलिस की जांच में एक डिलीवरी बॉय से पता चला है कि एसी यूनिट में चिंगारी देखी गई थी। मैं पीड़ित परिवारों से मिला, दृश्य बहुत ही ह्रदय विदारक है।




