दर्दनाक : बहराइच में 12 साल के बच्चे को जिंदा खा गया मगरमच्छ, जबड़े में दबाकर उछाला और निगल गया

बहराइच, उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां घाघरा नदी में मगरमच्छ के हमले में 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बौंडी थाना प्रभारी टी.एन. मौर्य ने बताया कि टिकुरी गांव निवासी सुनील (12) बृहस्पतिवार शाम अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई कराने के बाद घाघरा नदी के किनारे शौच के लिए गया था।

इसी दौरान नदी से निकले मगरमच्छ ने उस पर हमला कर उसे जबड़ों में दबोच कर गहरे पानी में ले गया।

पुलिस ने की वायरल वीडियो की पुष्टि

उन्होंने आगे बताया कि बच्चे के चाचा और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर और ईंट-पत्थर फेंककर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ उसे गहरे पानी में खींच ले गया। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से कई घंटे तक तलाश अभियान चलाया गया और भारी मशक्कत के बाद रात में नदी से बालक का शव बरामद हुआ। इस घटना का एक वीडियो शुक्रवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस ने पुष्टि की है।

चबा गया बच्चे का दाहिना पैर और कमर का हिस्सा

वीडियो काफी भयावह है, कमजोर दिल वाले इसे न देखें। मगरमच्छ जबड़े में दबाकर बच्चे को ऊपर उछाल रहा है और फिर मुंह में निगल लेता है। उन्होंने यह भी बताया कि मगरमच्छ ने बालक का दाहिना पैर चबा डाला और कमर के नीचे का कुछ हिस्सा क्षत-विक्षत हो गया था।

पुलिस ने विधिक कार्रवाई के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, सुनील के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और गांव में वह अपने चाचा के यहां रहता था। उप जिलाधिकारी प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Posts