राजधानी लखनऊ में अस्पताल की चौथी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, 7 घंटे हंगामा के बाद अस्पताल पर हत्या की FIR

लखनऊ। लखनऊ-कानपुर हाईवे स्थित जुनाबगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई।

घटना के बाद परिवारजन ने अस्पताल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

सात घंटे के प्रदर्शन के बाद बंथरा पुलिस ने तहरीर के आधार पर अस्पताल के चेयरमैन समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बंथरा के किशुनपुर कौड़िया निवासी अक्षत दीक्षित उर्फ सनी की पत्नी सीता का मानसिक संतुलन कुछ समय से ठीक नहीं था और उनका इलाज प्रसाद हास्पिटल में चल रहा था। रविवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

परिवारजन के मुताबिक, रात में अक्षत भी अस्पताल में ही रुके थे, लेकिन तड़के करीब चार बजे उन्हें नींद आ गई। इसी दौरान सीता वार्ड से निकल गईं। सुबह करीब छह बजे सीता अस्पताल की जनरल वार्ड के पास सीढ़ियों के निकट बेसुध हालत में पड़ी मिलीं।

अस्पताल की चौथी मंजिल से गिरी महिला

उन्हें तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने दावा किया कि सीता ने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है, लेकिन परिवारजन इस पर सहमत नहीं हुए। पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसी फुटेज में सीता सुबह चार बजे वार्ड से बाहर निकलती दिख रही हैं।

साथ ही, उनकी चप्पल नीचे गिरती नजर आ रही हैं, लेकिन उनके गिरने का दृश्य सामने नहीं आया। इसी आधार पर परिवारजन ने अस्पताल स्टाफ पर धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इतनी ऊंचाई से गिरने पर खून के निशान होने चाहिए थे, जबकि मौके पर ऐसा कुछ नहीं मिला।

परिजनों ने सात घंटे तक हंगामा किया

घटना के विरोध में परिवारजन ने अस्पताल परिसर में करीब सात घंटे तक हंगामा किया। बंथरा इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिवारजन नहीं माने। बाद में एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस ने मृतका के पति अक्षत की तहरीर पर अस्पताल के चेयरमैन भगवान प्रसाद यादव, प्रशासनिक स्टाफ, प्रधानाचार्य और रात्रि इंचार्ज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके बाद ही परिवारजन शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।

एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का राजफाश हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Related Posts