लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में एक 13 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दरिंदगी और बर्बरता का मामला सामने आया है। आंधी-बारिश से बचने के लिए एक निर्माणाधीन मकान में रुकी किशोरी के हाथ-पैर बांधकर पांच युवकों ने हैवानियत की।
विरोध करने पर पीटा भी गया। उसकी आवाज बाहर न जा सके इसलिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। किशोरी को खोजते पहुंचे परिजनों का शोर सुनकर आरोपी छत से कूद कर भागने लगे। इनमें दो कूदने से चोटिल हो गए और लोगों ने दबोच लिया है। अन्य को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बारिश से बचने रुकी थी मासूम, बन गई शिकार
पीड़ित किशोरी का परिवार मूल रूप से कन्नौज का रहने वाला है। उसके पिता राजमिस्त्री हैं और मां घरों में काम करती हैं। मंगलवार रात मां की तबीयत खराब होने के कारण किशोरी काम पर गई थी। लौटते समय अचानक आई तेज आंधी और बारिश से बचने के लिए वह रास्ते में एक निर्माणाधीन मकान में रुक गई। इसी दौरान वहां क्षेत्र का ही एक 17 वर्षीय किशोर अपने दोस्तों के साथ पहुंच गया।
मुंह में कपड़ा ठूंसा और की मारपीट
आरोपियों ने किशोरी को अकेला देखकर दबोच लिया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर दरिंदों ने मासूम को जमकर पीटा, उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह शोर न मचा सके। मुख्य आरोपी किशोर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी देर तक जब किशोरी घर नहीं लौटी तो परेशान परिजन उसकी तलाश में निकले।
परिजनों को देख छत से कूदे आरोपी
खोजबीन करते हुए जब परिजन निर्माणाधीन मकान के पास पहुंचे और आवाज दी तो अंदर हलचल मच गई। पकड़े जाने के डर से आरोपी मकान की दूसरी मंजिल से कूदकर भागने लगे। कूदने के कारण दो आरोपियों को चोट लग गई और शोर सुनकर जुटे मोहल्ले वालों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अंदर जाने पर परिजनों ने देखा कि किशोरी अर्धनग्न और बदहवास हालत में पड़ी थी। लोगों ने उसके हाथ-पैर खोले और मुंह से कपड़ा निकाला।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस ने पीड़ित किशोरी को तत्काल लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि किशोरी के बयान के आधार पर 17 वर्षीय मुख्य आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुल पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि वारदात के समय बाकी लड़कों की क्या भूमिका थी।




