लखनऊ। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में क्लर्क को शनिवार को लाइसेंसी राइफल साफ करने के दौरान गोली लग गई। गोली ठुड्डी में लगने के बाद सिर को छेदकर ऊपर निकल गई। बैंक कर्मी प्रकाश मिश्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकीपुरम विस्तार के मिर्जापुर पिंक सिटी में शनिवार सुबह लाइसेंसी राइफल साफ करने के दौरान बैंक के क्लर्क की मौत हो गई। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। इसके साथ ही लाइसेंसी असलहे को कब्जे में लिया है।
हरदोई के कोतवाली शहर निवासी प्रकाश मिश्रा पिंक सिटी मिर्जापुर कालोनी में रहकर अलीगंज सेक्टर क्यू स्थित यूनियन बैंक में क्लर्क थे। वह पत्नी रश्मि के साथ रहते थे। प्रकाश शनिवार की सुबह अपनी लाइसेंसी राइफल साफ कर रहे थे। इसी बीच गोली चल गई। गोली उनकी दाढ़ी पर लगी जो सिर के ऊपर से निकल गई।
गोली की आवाज सुनकर उनकी पत्नी रश्मि भागकर मौके पर पहुंची। उन्होंने देखा कि प्रकाश फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। यह देख पत्नी के होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्होंने सूचना परिवार के अन्य लोगों और पड़ोसियों को दी।
जानकीपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिवार ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर छानबीन शुरू की है।
प्रकाश एयरफोर्स से थे सेवानिवृत्त
ससुर ईश्वर चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रकाश एयरफोर्स में नौकरी करते थे। वह 2013 में एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद यूनियन बैंक में क्लर्क की नौकरी करने लगे थे।




