UP Weather : उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ गिर सकते हैं ओले, तपिश से मिलेगी राहत

लखनऊ, यूपी के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। कभी तेज धूप तो कई जिलों में झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश और ओले भी गिर रहे हैं। गुरुवार को दिन में तेज धूप रही पर रात में कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई।

मौसम विभाग (Meteorological Department) ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से सहारनपुर, शामली, मेरठ, नोएडा समेत पश्चिम के 18 जिलों में तेज हवा और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार के बीच बारिश के साथ ही इन जिलों में वज्रपात और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। करीब 11 जिलों में ओले गिर सकते हैं।

इधर गुरुवार को धूप की तपिश और भीषण गर्मी ने लोगों को असहज किया। बांदा में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। जबकि प्रयागराज में 40 डिग्री, वाराणसी व हमीरपुर में 39.5 डिग्री और कानपुर में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ (Regional Meteorological Centre, Lucknow) के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह (Senior Scientist Atul Kumar Singh) ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार से विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी यूपी से बारिश का दौर शुरू होकर शनिवार को पूर्वी यूपी में पहुंचेगा। इस दौरान कई हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और ओलेगिरने की भी संभावना जताई गई है।

इन जिलों में है तेज हवा के साथ गरज चमक की संभावना

बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, महोबा, झांसी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर ललितपुर व आसपास के इलाकों में।

Related Posts