नई दिल्ली, रमानेंट अकाउंट नंबर (PAN) से जुड़े कई जरूरी बदलाव 1 अप्रैल से लागू होंगे. इनका असर इस बात पर पड़ेगा कि PAN कैसे बनवाया जाता है और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन में इसका इस्तेमाल कैसे होता है.
इन बदले हुए नियमों का मकसद नियमों का पालन बेहतर बनाना और साथ ही डॉक्यूमेंटेशन की ज़रूरतों को आसान बनाना है. खास बात तो ये है कि 1 अप्रैल से, PAN बनवाने के लिए सिर्फ आधार कार्ड काफी नहीं होगा. आवेदकों को अपनी पहचान और जन्म की तारीख वेरिफाई करने के लिए कुछ और डॉक्यूमेंट भी जमा करने होंगे.
PAN के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट
स्वीकार किए जाने वाले डॉक्यूमेंट में जन्म प्रमाण पत्र, वोटर ID, 10वीं क्लास का सर्टिफिकेट, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, या किसी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी किया गया हलफनामा शामिल हैं. इस बदलाव का मतलब है कि जो लोग PAN के लिए अप्लाई कर रहे हैं, उन्हें प्रोसेस में किसी भी देरी से बचने के लिए ये डॉक्यूमेंट पहले से ही तैयार रखने होंगे. एक और जरूरी बात यह है कि PAN कार्ड पर लिखा नाम अब आधार कार्ड पर लिखी जानकारी से पूरी तरह मेल खाना चाहिए. आवेदकों को अब अपनी कैटेगरी के हिसाब से फॉर्म इस्तेमाल करने होंगे: इंडीविजुअल्स के लिए फॉर्म 93, कंपनियों के लिए फॉर्म 94, विदेशी व्यक्तियों के लिए फॉर्म 95, और विदेशी संस्थाओं के लिए फॉर्म 96.
PAN कार्ड के इस्तेमाल के नए नियम
- डिपॉजिट और विड्रॉल: 1 अप्रैल से, PAN की जानकारी सिर्फ तभी देनी होगी, जब किसी फाइनेंशियल साल में कुल डिपॉजिट या विड्रॉल 10 लाख रुपए से ज्यादा हो. अभी, एक ही दिन में 50,000 रुपए या उससे ज्यादा कैश जमा करने पर PAN देना जरूरी है.
- गाड़ी खरीदना: अभी, ज़्यादातर गाड़ियां खरीदने के लिए PAN देना जरूरी है. बदले हुए नियम के तहत, PAN की जरूरत सिर्फ तभी पड़ेगी, जब गाड़ी की कीमत 5 लाख रुपये से ज्यादा हो.
- इंश्योरेंस पॉलिसी: अभी, PAN सिर्फ तभी देना ज़रूरी होता है, जब सालाना प्रीमियम 50,000 रुपये से ज्यादा हो. आगे से, हर इंश्योरेंस पॉलिसी शुरू करते समय PAN देना जरूरी होगा, चाहे प्रीमियम की रकम कितनी भी हो.
- प्रॉपर्टी का ट्रांजेक्शन: प्रॉपर्टी डील्स में PAN की जानकारी देना जरूरी करने के लिए अभी जो 10 लाख रुपए की सीमा तय है, उसे 1 अप्रैल से बढ़ाकर 20 लाख रुपए कर दिया जाएगा.
- बिल (होटल, रेस्टोरेंट, इवेंट): अभी, 50,000 रुपए से ज्यादा के कैश पेमेंट के लिए PAN देना जरूरी है. नए नियमों के तहत, इस सीमा को बढ़ाकर 1 लाख रुपए कर दिया जाएगा.
PAN के लिए आवेदन करते समय ध्यान रखने योग्य बातें
- किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचने के लिए, अपने आधार की जानकारी (विशेष रूप से अपना नाम) पहले से ही चेक कर लें.
- जरूरी डॉक्युमेंट्स, जैसे कि जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट या वोटर ID, अपने पास तैयार रखें.
- यह सुनिश्चित करें कि ये दस्तावेज आपकी पहचान और जन्म तिथि को स्पष्ट रूप से प्रमाणित करते हों.
- केवल वही संशोधित PAN आवेदन फॉर्म इस्तेमाल करें जो 1 अप्रैल, 2026 से लागू होंगे.




