क़र्ज़ से परेशान लखनऊ के एक ही परिवार के तीन लोगों ने खाया जहर, मां-बेटे की मौत, ICU में पिता

लखनऊ, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित नीवा गांव में कर्ज के दबाव से परेशान एक ही परिवार के तीन लोगों द्वारा जहर खा लेने की ह्रदयविदारक घटना सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि परिवार के मुखिया की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल के आईसीयू में जारी है।

जानकारी के मुताबिक रूप नारायण चौरसिया (55), उनकी पत्नी तारावती (50) और बेटे संदीप (30) ने जहरीला पदार्थ खा लिया।

जहर खाने से मां-बेटे की मौत, आईसीयू में पिता

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तारावती और संदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं रूप नारायण की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उनकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

बैंक का नोटिस मिलने से तनाव में था परिवार

बताया जा रहा है कि चौरसिया परिवार गांव में चाय का छोटा होटल चलाकर अपना जीवन यापन करता था। आर्थिक तंगी के चलते परिवार ने बैंक से लोन ले रखा था। परिजनों के मुताबिक, दो दिन पहले बैंक कर्मियों ने उनके घर पर बकाया भुगतान को लेकर नोटिस चस्पा किया था। इस नोटिस के बाद से परिवार के सभी सदस्य मानसिक तनाव में थे और काफी परेशान नजर आ रहे थे।

घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला

आशंका जताई जा रही है कि कर्ज के बढ़ते दबाव और नोटिस की वजह से परिवार ने यह कठोर कदम उठाया। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें परिवार ने अपनी मौत के लिए खुद को ही जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, घर पर चस्पा किया गया बैंक नोटिस आंशिक रूप से फटा हुआ मिला है, जिससे संबंधित बैंक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस कारण पुलिस को जांच में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बैंक से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की सच्चाई सामने लाई जा सके। इस ह्रदयविदारक घटना ने पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल रूप नारायण का अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्वस्थ्य होने के बाद पुलिस उससे भी पूछताछ करेगी। ताकि इस घटना का सत्यता सबके सामने आ सके।

Related Posts