के सी त्यागी ने 23 साल बाद छोड़ा JDU का साथ ; बिहार में सियासी उठापटक का दौर जारी

पटना, बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता के.सी. त्यागी ने मंगलवार को आखिरकार पार्टी छोड़ने का आधिकारिक एलान कर दिया। उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी छोड़ दी है और अपने भविष्य के कदम को लेकर जल्द शीघ्र ही फैसला करूंगा।

त्यागी समता पार्टी और जनता दल के विलय से अक्टूबर 2003 में अस्तित्व में आई पार्टी जदयू से जुड़े हुए थे। उन्होंने जदयू में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया था।

जदयू के दिग्गज नेता केसी त्यागी ने ‘पीटीआई-भाषा’ के एक सवाल पर बताया कि हां,मैंने पार्टी छोड़ दी है। पूर्व राज्यसभा सदस्य ने एक बयान में कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है। इस बार मैंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है।

हालांकि उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्गों सहित दलितों,किसानों और कृषि श्रमिकों के हितों से संबंधित व्यापक वैचारिक मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पहले की तरह ही दृढ़ है। त्यागी ने कहा कि लगभग आधी सदी तक मेरे साथी रहे नीतीश कुमार के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान अब भी वैसा ही है।

उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक लोगों से परामर्श करने के बाद जल्द ही भविष्य को लेकर फैसला किया जाएगा। त्यागी ने कहा कि मेरे कुछ राजनीतिक मित्र, समर्थक और कार्यकर्ता 22 मार्च 2026 को मावलंकर हॉल,रफी मार्ग में देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए समान विचारधारा वाले व्यक्तियों की एक बैठक का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी, डॉ. राम मनोहर लोहिया जी और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेते रहेंगे।

Related Posts