आय 35.73 लाख रुपये जबकि खर्च 68.26 लाख, यूपी पुलिस का सिपाही ड्राइवर राहुल शुक्ला निकला धन कुबेर, लखनऊ के इस थाने में FIR दर्ज

लखनऊ, राजधानी लखनऊ में पुलिस विभाग के भीतर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का एक और मामला सामने आया है. राजधानी के बीबीडी थाने में तैनात कांस्टेबल ड्राइवर राहुल शुक्ला के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है.

एंटी करप्शन ब्रांच की जांच में पाया गया कि राहुल शुक्ला ने अपनी वैध आय से 91.04 प्रतिशत अधिक खर्च किया है. जांच के अनुसार, निर्धारित अवधि में उनकी कुल वैध आय लगभग 35.73 लाख रुपये रही, जबकि खर्च 68.26 लाख रुपये तक पहुंच गया. इस तरह आय से 32.53 लाख रुपये अधिक का खर्च पाया गया, जो कुल वैध आय का करीब 91 प्रतिशत से ज्यादा है.

यह मामला 2023 में शुरू हुआ था, जब राहुल शुक्ला के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की एक गोपनीय शिकायत प्राप्त हुई. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने एंटी करप्शन ब्रांच को विस्तृत जांच के आदेश दिए. जांच अधिकारी ने सिपाही के वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और अन्य स्रोतों की गहन पड़ताल की. जांच में सिपाही संतोषजनक जवाब या साक्ष्य पेश नहीं कर सके.

जांच में हुई पुष्टि

जांच पूरी होने के बाद एंटी करप्शन ने अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपी, जिसमें आय से अधिक संपत्ति की पुष्टि की गई. शासन के निर्देश पर ही बीबीडी थाने में ही एफआईआर दर्ज की गई. यह एफआईआर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(2) और 13(1)(बी) के तहत दर्ज हुई है. थाने के इंस्पेक्टर राम सिंह ने इसकी पुष्टि की है और मामला वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है. राहुल शुक्ला की पुलिस सेवा 26 अप्रैल 2003 से शुरू हुई थी, यानी करीब 23 वर्ष की नौकरी के दौरान यह अनियमितता सामने आई.

Related Posts