लखनऊ, प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एलपीजी की किल्लत से हाहाकार मचा है। गुरुवार को गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ रही, लेकिन कंपनियों का सर्वर ठप होने और केवाईसी की अनिवार्यता से बुकिंग और डिलीवरी ठप हो गई।
घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कमर्शियल सप्लाई बंद होने से होटल, ढाबे और टिफिन सर्विस बंदी की कगार पर हैं। गोमतीनगर क्षेत्र में गैस एजेंसियों पर तकनीकी खराबी के कारण ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहीद कैप्टन मनोज पाण्डेय गैस एजेंसी पर सुबह 8:30 बजे से ही ग्राहकों की लंबी कतारें लग गईं, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण न तो बुकिंग हो सकी और न ही सिलेंडरों का वितरण।

गैस एजेंसियों पर लोगों की कतार
वहीं, ग्वारी निवासी नीता यादव ने बताया कि केवाईसी अपडेट न होने से सिलेंडर बुक नहीं हो पा रहा है। वहीं गोमतीनगर विस्तार की सीमा इण्डेन गैस सर्विस सुबह 11 बजे तक बंद रही, जिससे घंटों इंतजार कर रहे लोगों में गुस्सा दिखा। ग्वारी निवासी उत्तम कपूर ने बताया कि पांच मार्च को गैस बुकिंग की थी, लेकिन अभी तक नहीं मिला। हालांकि, एचपी गैस सर्विस पर भीड़ कम दिखी, लेकिन वहां भी गैस की किल्लत को लेकर लगातार पूछताछ के फोन आते रहे। राजाजीपुरम गैस सर्विस पर ग्राहकों की भारी भीड़ जुट गई। यहां एलपीजी की नई बुकिंग के लिए लोग पहुंचे थे। ग्राहकों का कहना था कि फोन से गैस बुक नहीं हो पा रही है। एजेंसी पर भीड़ का दबाव तब बढ़ गया जब इंडेन के सर्वर ने काम करना बंद कर दिया। जिनके गैस डिलीवरी के मैसेज पहुंच गए थे, उनके सिलेंडर नहीं पहुंचे थे।
सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे लोग
गैस एजेंसी कर्मचारी कह रहे थे कि जब तक डीएसी की पर्ची नहीं कटेगी तब तक गैस नहीं मिलेगी। तमाम लोग सर्वर ठीक होने के इंतजार में फर्श पर बैठे रहे। भीड़ का दबाव बढ़ गया तो मैनेजर राजेश से लोगों ने शिकायत की। वह सर्वर काम न करने से ग्राहकों पर झल्ला रहे थे। वहीं एजेंसी संचालक अजय वाजपेयी लोगों को भरोसा दिला रहे थे कि गैस की दिक्कत नहीं है। सर्वर ठीक हो जाएगा तो जितने सिलेंडर आएंगे उतने डिलीवर करा दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बुकिंग के सापेक्ष ही डिपो से सिलेंडर मिलते हैं। बगैर डीएसी नंबर जेनरेट हुए किसी को आपूर्ति नहीं की जा सकती। सर्वर ठीक हो जाएगा तो डिलिवरी और बुकिंग दोनों सामान्य हो जाएगी।
नंबर आने तक खत्म हो गई गैस
अर्जुनगंज स्थित सीमा इंडेन गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर के लिए सुबह से लाइन में खड़े उपभोक्ताओं को तब मायूसी हाथ लगी जब नंबर आने पर बताया गया कि गैस खत्म हो गई है। उपभोक्ता बैजनाथ रावत ने बताया कि उन्होंने 23 फरवरी को गैस की बुकिंग कराई थी। इसके बाद से वह लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार कह दिया जाता है कि गैस खत्म हो गई है। अगर गैस नहीं है तो उपभोक्ता को सूचना दी जानी चाहिए।
बुकिंग के 10 दिन बाद भी नहीं मिली गैस
कपूरथला स्थित अशोक गैस सर्विस एजेंसी पर गैस बुकिंग में दिक्कत व बुकिंग पांच से 10 दिन बाद सिलेंडर नहीं मिलने पर गुरुवार को एजेंसी में पहुंचे लोगों ने हंगामा किया। लोगों की एजेंसी कर्मचारियों से काफी कहासुनी हुई। इस दौरान आए एसआई ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग और आक्रोशित हो गए। कर्मचारियों ने एजेंसी का गेट बंद कर लिया। डालीगंज निवासी अरुण कुमार अग्रवाल ने बताया कि 14 फरवरी को गैस बुक की थी। अभी तक सिलेण्डर नहीं मिला है। एजेंसी पर आने पर भी सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। अलीगंज निवासी कौशलेन्द्र पाण्डे ने बताया कि फोन से गैस बुकिंग नहीं हो रही है।
बच्चे भी लाइन में लग रहे
मुंशीपुलिया पेट्रोल पम्प के पीछे सेक्टर 16 स्थित रामकृष्ण गैस एजेंसी के बाहर लम्बी लाइन लगी थी। यहां आने वाले सिलेंडर के साथ कतार में लगे हुए थे। एक स्कूली छात्रा कंधों पर बैग लटकाए सिलेंडर लिए खड़ी थी। उसने बताया कि बुकिंग नहीं हो रही थी। बड़ी मुश्किल से गैस बुक हुई तो सिलेंडर लेने आना पड़ा क्योंकि बताया गया कि डिलिवरीमैन पर काम का बोझ अधिक है इसलिए इंतजार लम्बा करना पड़ सकता है। कल्याणपुर के वीरेन्द्र और सुगमऊ के दिनेश कुमार ने बताया कि उनके यहां भी सिलेंडर नहीं पहुंचा इसलिए यहां आए हैं।



