लखनऊ, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के उपलक्ष्य में, आकाशवाणी लखनऊ ने एक विशेष कार्यक्रम ‘शक्ति रूपेण संस्थिता‘ का आयोजन किया। आकाशवाणी लखनऊ परिसर में आमंत्रित श्रोताओं के समक्ष आयोजित इस कार्यक्रम में नारी शक्ति के विभिन्न आयामों को रेखांकित करने वाल तीन सत्रों का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ बिरजू महाराज कथक संस्थान, लखनऊ की अध्यक्ष और मुख्य अतिथि डॉ कुमकुम धर, विशिष्ट अतिथि साहित्यकार डॉ विद्या बिंदु सिंह, आकाशवाणी लखनऊ के केंद्राध्यक्ष आरबी सिंह, कार्यक्रम प्रमुख सुमोना पांडेय एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इसके बाद लोगों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम अधिशासी ममता उपाध्याय ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाना और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ कुमकुम धर ने कहा कि महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। महिलाओं के आर्थिक तौर पर सक्षम होने पर बल दिया। वहीं, डॉ विद्या बिंदु सिंह ने महिला पुरुष, पारिवारिक प्रतिद्वंदिता की जगह परस्पर सहयोग पर बल दिया।

“स्वयंसिद्धाः संकल्प से सफलता” सत्र में पूर्व एथलीट एवं शूटर रचना गोविल, पाककला विशेषज्ञ अलका सिंह तोमर, योग प्रशिक्षिका प्राची जैन, एडवोकेट पूनम पाण्डेय, फिल्म/थियेटर कलाकार अर्चना शुक्ला और बिजनेस वूमेन तनुश्री गुप्ता ने अपने-अपने अनुभव साझा किये।
वहीं “क़िस्सागोई” में वरिष्ठ पत्रकार अरशाना अज़मत ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की अमर बलिदानी वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य और साहस को याद किया गया। अंतिम सत्र “राग संग बरसे रंग” में आकाशवाणी की कलाकारों ने मधुर गीत प्रस्तुत किए। स्मेहिल श्रीवास्तव और साथी द्वारा प्रस्तुत होली “मोरी चुनर में पड़ गए दाग… और हो नंदलाल मारे जाए…” ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अंत में कार्यक्रम प्रमुख सुमोना पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि यह उन चुनौतियों और उपलब्धियों को याद करने का अवसर है जो महिलाओं ने समय के साथ हासिल की हैं। हमारा प्रयास समाज में लैंगिक समानता की दिशा में सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का संचालन रूपाली चन्द्रा ने किया।
इस अवसर पर आकाशवाणी लखनऊ के सहायक निदेशक विनय कुमार, चंद्र प्रकाश, आशीष चतुर्वेदी, सुभाष खन्ना और अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहें।




