उत्तर प्रदेश SIR में नोटिस पाए मतदाताओं को निर्वाचन आयोग ने दी बड़ी राहत, जानें क्या है अपडेट

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नोटिस पाए मतदाताओं को निर्वाचन आयोग ने बड़ी राहत दी है। बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं के साथ-साथ अब ऐसे वोटर जो किन्हीं कारणों से अपनी नोटिस का जवाब देने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सकते तो वह अपनी जगह दूसरे को भेज सकेंगे।

एक आशय पत्र लिखकर उस पर हस्ताक्षर व अंगूठे का निशान लगाकर वह दूसरे व्यक्ति को जवाब दाखिल करने के लिए ईआरओ के पास भेज सकेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने मतदाताओं की समस्याओं को देखते हुए यह सुविधा दी है। कई मतदाताओं की ओर से यह मांग भी की जा रही थी कि वह अपने निजी, ऑफिस व अन्य कारणों से बाहर जाने की वजह से व्यस्त हैं और नोटिस पर जो समय व दिनांक दिया गया है, उस पर आने में उन्हें कठिनाई हो रही है। ऐसे में चुनाव आयोग की ओर से उन्हें ईआरआर व एईआरओ के समक्ष स्वयं उपस्थित होने से छूट दे दी गई है।

ऐसे 1.04 करोड़ मतदाता हैं, जिनका वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान न हो पाने के कारण नोटिस दिया गया है। अब इन्हें पासपोर्ट, जन्म प्रमाण पत्र या फिर शैक्षिक प्रमाण पत्र सहित 13 दस्तावेजों में से कोई भी दस्तावेज देने होंगे। प्रदेश भर में पहले चरण में नोटिस जारी होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की ओर से मांग की गई कि उनकी जगह परिवार का कोई अन्य सदस्य या मित्र जवाब दाखिल कर सके ऐसी सुविधा दी जाए।

दिखाई जाएगी निर्वाचन के बढ़ते कदम डाक्युमेंट्री

25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 100 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाता को सम्मानित किया जाएगा। 10 युवाओं को मतदाता कार्ड दिए जाएंगे। वहीं अच्छा कार्य करने वाले बीएलओ, ईआरओ व डीएम को सम्मानित किया जाएगा।

Related Posts