नई दिल्ली, Indigo Flight Emergency Landing: दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट में इंजन की खराबी होने की वजह से मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान उड़ान भरने के बाद लगभग आसमान में ही घूमता रहा लेकिन इंडिगो फ्लाइट 6E 6271 के पायलट की सूझबूझ और सही समय पर लिए गए फैसले ने 191 लोगों की जान बचा ली.
पायलट ने आखिरी टाइम पर ‘पैन पैन पैन’ का कॉल दिया जो एक इमरजेंसी सिग्नल है जिसके बाद फ्लाइट को मुंबई में सुरक्षित उतार लिया गया. अगर यह कदम न उठाया जाता, तो शायद एक बड़ा हादसा हो सकता था.
इमरजेंसी में पायलट ने क्या कहा?
अब जानते हैं पूरी खबर. हिंदुस्तान टाइम्स में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर HT को बताया कि दिल्ली से गोवा जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E 6271 के पायलट ने मुंबई हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करने से पहले “पैन पैन पैन” कहा था. सबसे पहले जान लेते हैं इस शब्द का मतलब क्या है?
पैन पैन पैन का क्या है मतलब?
‘पैन पैन पैन’ एक अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन संदेश (emergency signal) है. जो विमानों को उड़ाने के दौरान बातचीत के दौरान प्रयोग किया जाता है. यह तब बोला जाता है, जब कोई स्थिति गंभीर होती है, लेकिन तुरंत जानलेवा नहीं होती. यह एक तरह का अलर्ट है, जो बताता है कि विमान या जहाज को किसी तरह की दिक्कत है, जैसे तकनीकी खराबी, और उसे तुरंत ध्यान देने की जरूरत है.
कब और क्यों इस्तेमाल होता है? ‘
पैन पैन पैन’ (PAN-PAN) फ्रेंच शब्द ‘panne’ (खराबी) से आया है. इसे तीन बार दोहराया जाता है ताकि सुनने वाले का ध्यान तुरंत जाए. यह तब इस्तेमाल होता है, जब कोई समस्या हो, लेकिन वह ‘मेडे मेडे मेडे’ (MAYDAY) जितनी गंभीर न हो. मेडे का मतलब होता है तत्काल जान का खतरा.
दिल्ली-गोवा फ्लाइट में क्या हुआ?
16 जुलाई 2025 को दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 6271 के पायलट ने ‘पैन पैन पैन’ कॉल दिया, क्योंकि इंजन नंबर 1 में तकनीकी खराबी आ गई थी. यह कॉल देकर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया और फ्लाइट को मुंबई में सुरक्षित उतार लिया. इस सूझबूझ ने 191 लोगों की जान बचाई.
गोवा जाने वाली इंडिगो फ्लाइट का इंजन फेल
एयरबस A320neo की फ्लाइट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, भुवनेश्वर से करीब 100 नॉटिकल मील दूर फ्लाइट के इंजन नंबर 1 में खराबी आ गई. इसके बाद फ्लाइट को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट करने का फैसला लिया गया. रात 9:32 बजे क्रू ने मुंबई में लैंडिंग की अनुमति मांगी. एयरपोर्ट पर एहतियात के तौर पर एंबुलेंस और फायर टेंडर तैयार रखे गए. फ्लाइट ने रात 9:53 बजे, तय समय से दो मिनट पहले, सुरक्षित लैंडिंग की. सभी 191 यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित रहे.
इंडिगो ने क्या कहा?
इंडिगो ने बताया कि फ्लाइट में एक तकनीकी खराबी की वजह से यह कदम उठाना पड़ा. एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा, “16 जुलाई 2025 को दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट 6E 6271 में तकनीकी खराबी पाई गई. स्टैंडर्ड प्रक्रिया के तहत विमान को मुंबई डायवर्ट किया गया.” अब यह फ्लाइट जरूरी जांच और मेंटेनेंस से गुजरेगी. यात्रियों के लिए दूसरा विमान इंतजाम किया जा रहा है.
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं. रविवार को पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट को भी तकनीकी खराबी की वजह से टेकऑफ रद्द करना पड़ा. यह फ्लाइट 9 घंटे की देरी से रवाना हुई. यात्रियों ने बताया कि विमान रनवे पर जाने के बाद अचानक रुक गया, जिससे लोग डर गए. इसके अलावा, पिछले हफ्ते इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट को भी टेकऑफ के बाद तकनीकी खराबी की वजह से वापस लौटना पड़ा था.




