दिल्ली-NCR में भूकंप के तेज झटके, हरियाणा में था केंद्र; जानिए कितनी तीव्रता के थे झटके

नई दिल्ली, दिल्ली NCR में गुरुवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र हरियाणा के झज्जर जिले में था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई है। फिलहाल कहीं से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

सुबह 9:04 बजे भूकंप का यह झटका महसूस किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक जलजले का केंद्र झज्जर में था। जमीन के अंदर 10 किलोमीटर की गहराई पर यह हलचल हुई। पूरे हरियाणा, पंजाब के कुछ हिस्से और दिल्ली-एनसीआर में भूकंप का झटका महसूस किया गया।

दिल्ली-एनसीआर की ऊंची इमारतों में झटका अधिक महसूस किया गया। कंपन इतनी तेज थी कि लोग घरों से बाहर निकल आए। गुरुग्राम से नोएडा तक लोग खुले स्थानों पर निकल आए। फरीदाबाद, गाजियाबाद, दिल्ली समेत एनसीआर के सभी हिस्सों में कई सेकेंड तक झटके लगे। गनीमत है कि भूकंप कि तीव्रता मध्यम दर्जे की थी। 5 से कम दर्जे के भूकंप में आमतौर पर नुकसान की आशंका नहीं होती है।

भूकंप के समय क्या करें

1. शांत रहें और घबराएं नहीं – घबराने से निर्णय लेने की क्षमता कम हो जाती है।

2. सुरक्षित जगह पर जाएं – जैसे टेबल के नीचे, मजबूत फर्नीचर के नीचे छुपें और सिर को हाथों से ढकें।

3. खिड़की, शीशे, पंखे, दीवार से दूर रहें – ये चीज़ें गिर सकती हैं या टूट सकती हैं।

4.अगर आप बाहर हैं – इमारत, बिजली के खंभे, पेड़ आदि से दूर खुले स्थान में खड़े रहें।

5. अगर आप गाड़ी चला रहे हैं – गाड़ी को धीरे से रोकें और अंदर ही सुरक्षित रहें जब तक झटके बंद न हों।

6. सीढ़ियों का प्रयोग न करें – लिफ्ट और सीढ़ियाँ भूकंप के समय सबसे असुरक्षित होती हैं।

7. सिर और गर्दन को बचाएं – बैग, किताब, हाथ आदि से सिर को ढकें।

8. भूकंप रुकने के बाद बाहर निकलें – सावधानी से और जल्दी न करें।

भूकंप के समय क्या न करें

1. भागदौड़ न करें – भगदड़ से चोट लग सकती है।

2. लिफ्ट का उपयोग न करें – बिजली जाने पर आप फंस सकते हैं।

3. खिड़की या कांच के पास खड़े न हों – टूटकर चोट लग सकती है।

4. भारी सामान के नीचे न खड़े हों – गिरने से जान का खतरा हो सकता है।

5. बिना जांच के गैस या बिजली के उपकरण चालू न करें – आग लगने या करंट का खतरा होता है।

6. अफवाहों पर ध्यान न दें – केवल सरकारी सूचना पर ही विश्वास करें।

Related Posts