लखनऊ, उत्तर प्रदेश में मानसूनी रिमझिम फुहारों की वापसी हो गई है। मानसून की ट्रफ लाइन यानी मुख्य धारा यूपी से खिसककर मध्य प्रदेश के ऊपर चली गई थी। अब यह ट्रफ लाइन यूपी के ऊपर वापस आ रही है।
इसका प्रभाव शनिवार के दोपहर बाद दिखना शुरू हो गया। मौसम विभाग ने 13 शहरों के लिए बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 66 जिलों में बारिश-बिजली गिरने की चेतावनी भी है।
प्रादेशिक मौसम मुख्यालय के अनुसार कच्छ के तट पर निम्न दाब की स्थिति है। मानसून की पूर्वी शाखा के छोर पर दक्षिणी-पश्चिमी बांग्लादेश, बंगाल पर निम्न दाब की परिस्थिति है। 24 घंटों के दौरान सोनभद्र, सहारनपुर में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। अगले 24 घंटों में इसके प्रदेश में सक्रिय होने का पूर्वानुमान है। इससे प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। 48 घंटों में उत्तरी,मध्य हिस्से में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।
इन जिलों में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना
बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर।
यहां भी बारिश के आसार
सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, सीतापुर, बाराबंकी, अंबेडकरनगर, बागपत, मेरठ, संभल, बदायूं। अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।
फुहारों ने दी गर्मी से राहत दो दिन तेज बारिश के आसार
पिछले चार दिनों से गर्मी और उमस झेल रहे शहर के लोगों को काले घने बादलों ने राहत की फुहारों वाली सौगात दी। तेज हवा के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में दिन में तीन बजे के बाद शाम तक दो से तीन बार बौछार पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिन तक लखनऊ और पास अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में लखनऊ और आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश के दौरान बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। शहर में मानसून की दस्तक के साथ तेज बारिश हुई थी। उसके बाद जैसे मानूसन रूठ गया हो। गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा था। मौसम विभाग के अनुसार इसकी वजह मानसून की पूर्वी शाखा की ट्रफ लाइन यानी मुख्य धारा का प्रदेश के ऊपर से खिसक जाना था। अब यह ट्रफ लाइन वापस उत्तर प्रदेश के ऊपर आ रही है। ऐसे में अगले दो तीन दिन लखनऊ समेत अन्य जगहों पर खूब बारिश होगी। वहीं, शनिवार को सुबह धूप खिली। दोपहर तक धूप की तपिश बढ़ गई।




