डीएलएड की छात्रा ने बालों से बना दी 150 फीट लंबी पेंटिंग, विश्व रिकॉर्ड में शामिल करने का है सपना

हमीरपुर, डीएलएड की छात्रा आरती वर्मा ने बालों से 150 फीट लंबी पेंटिंग बनाई है। इसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश व सरकारी योजनाओं की जानकारी है। उनका सपना अपनी पेंटिंग के माध्यम से विश्व रिकार्ड बनाना है। नगर के चरखारी रोड नई बस्ती निवासी आरती वर्मा उरई से डीएलएड कर रहीं हैं। करीब 12 वर्ष कीं थीं तभी से उन्हें पेंटिंग बनाने का शौक है। बताया कि अभी तक करीब 150 पेंटिंग बना चुकीं हैं।

इसमें पीएम मोदी, डॉ. आंबेडकर, राम मंदिर, बागेश्वर धाम, खान सर आदि प्रमुख पेंटिंग रहीं। मां शारदा बालिका इंटर काॅलेज के बरामदे में बालों से 150 फीट लंबी व 3 फिट चौड़ी पेंटिंग बनाई। बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर पेंटिंग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना चाहतीं थीं। इसके लिए अपनी पेंटिंग में वन्य जीवों को शामिल किया। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ के जन्म दिन को देखते हुए सरकारी योजनाओं जैसे आवास, पेंशन, हर घर जल, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, सुकन्या आदि योजनाओं से संबंधित चित्र बनाए।

बृहस्पतिवार को पेंटिंग का अनावरण हुआ। विधायक मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, एसडीएम अभिमन्यु कुमार, सीओ राजीव प्रताप सिंह, पूर्व विधायक डॉ. अंबेश कुमारी, भरत अनुरागी, प्रधानाचार्या कल्पना शर्मा आदि ने अवलोकन कर सराहना की।

Related Posts