बंगाल चुनाव नतीजों का असर: अखिलेश यादव ने I-PAC से तोड़ी डील, 2027 यूपी चुनाव से पहले बदली रणनीति

लखनऊ, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने विपक्षी दलों के INDI गठबंधन को बड़ा झटका दिया है। इसका असर अब दूसरे राज्यों की राजनीति में भी दिखने लगा है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनावी रणनीति बनाने वाली कंपनी I-PAC के साथ अपनी डील रद्द कर दी है।

बताया जा रहा है कि 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अखिलेश यादव ने I-PAC को हायर किया था, लेकिन बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल लिया। बंगाल में TMC की चुनावी रणनीति और प्रबंधन I-PAC ही देख रही थी, बावजूद इसके पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा।

राजनीतिक हलकों में इस फैसले को 2027 के चुनाव से पहले रणनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल और असम के नतीजों के बाद INDI गठबंधन में भी हलचल तेज हो गई है। इधर, अखिलेश यादव अब खुद मैदान में उतरकर चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। वह शाहजहांपुर दौरे पर जा रहे हैं, जहां पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक पकड़ बनाने की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

शाहजहांपुर जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों पर फिलहाल भाजपा का कब्जा है, जहां समाजवादी पार्टी पिछली बार खाता भी नहीं खोल पाई थी। ऐसे में पार्टी अब अपने पारंपरिक MY (मुस्लिम-यादव) समीकरण को साधने की कोशिश में जुटी है, क्योंकि जिले में मुस्लिम वोटर्स की अच्छी खासी हिस्सेदारी मानी जाती है।

Related Posts