हम ऐसी धमकियों ने नहीं डरते हैं, हम चमड़ा उतारना भी जानते हैं और उसका जूता बनाना भी जानते हैं : चंद्रशेखर रावण

बाराबंकी, करणी सेना ने आजाद समाज पार्टी के मुखिया और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को बाराबंकी की ज़मीन पर पैर नहीं रखने देने की धमकी दी है, जिस पर आसपा सांसद ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि हम ऐसी धमकियों ने नहीं डरते हैं.

हम चमड़ा उतारना भी जानते हैं और उसका जूता बनाना भी जानते हैं.

भीम आर्मी के मुखिया और आसपा सांसद चंद्रशेखर आजाद आज कांशीराम जयंती के मौके पर बाराबंकी में भीम आर्मी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए करणी सेना के नेता अभिनव सिंह की धमकी पर तीखा हमला किया.

करणी सेना की धमकी पर किया पलटवार

चंद्रशेखर ने कहा कि “हम संघर्ष करने वाले लोग हैं. हम धमकियों से नहीं डरते. मैं तो संवैधानिक व्यक्ति हूं लेकिन, हम चमड़ा उतारना भी जानते है और उसका जूता बनाना भी और समय आने पर उसे सिर पर पटककर मारना भी जानते हैं.. तो हम बड़े सज्जन लोग है. संविधान को मानने वाले लोग है, डरते किसी से नहीं है. डरते तो भारतीय संविधान के संविधानिक मूल्यों के खिलाफ नहीं जाएंगे.”

इस दौरान जब उनसे अलग-अलग सियासी दलों द्वारा कांशीराम जयंती पर कार्यक्रमों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने हा कि “कांशीराम व्यक्ति नहीं विचार है. जो उनके विचारों पर चल रहा है कांशीराम तो उन्हीं के हैं. आप महसूस कीजिए 2006-2026 तक इन 20 सालों में किसी कांशीराम क्यों नहीं याद आए.

कांशीराम जयंती पर कही ये बात

मैं धन्यवाद दूंगा भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का, जिन्होंने लाठियां खाईं, मुसीबतें झेलीं, जेलें काटी, अन्याय अत्याचार के ख़िलाफ आंदोलन और रैलिया की उसकी वजह से आज हर आदमी को कांशीराम याद आ रहे हैं.”

बता दें कि बाराबंकी में करणी सेना के प्रदेश महामंत्री अभिनव सिंह ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर चंद्रशेखर आज़ाद को धमकी दी थी कि उन्हें बाराबंकी में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा. अगर वो यहां आते हैं तो करणी सेना के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर विरोध प्रदर्शन करेंगे. जिसके बाद इसे लेकर दोनों ओर से जमकर वार-पलटवार किए जा रहे हैं.

Related Posts