नई दिल्ली, रोहिणी जिले की साइबर थाना पुलिस ने फेसबुक, इंस्टाग्राम पर लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी करने वाले को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान पश्चिमी अफ्रीका के प्रिंस जो के रूप में हुई है।
वह पहले भोले-भाले लोगों से दोस्ती करता था और फिर उपहार भेजने के बहाने उनसे ठगी करता था।
आरोपित के पास से नौ मोबाइल, लैपटाप व 31 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपित अब तक कितने लोगों को ठग चुका था।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त गुरइकबाल सिंह सिद्धू ने बताया कि 11 जुलाई को गोविंद नामक शिकायतकर्ता ने ठगी की शिकायत दी थी। उसे इंस्टाग्राम पर एक लड़की का मैसेज आया था। उसने बाहर से उसे उपहार भेजने के नाम पर उससे 27 हजार 300 रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान लेनदेन के विवरण का विश्लेषण किया गया, जिस बैंक खाते में पैसे गए थे वह आसमा नाम से खोला गया था। उस बैंक खाते से देवली रोड, खानपुर इलाके से पैसे निकाले गए थे। पुलिस ने जाल बिछाकर एटीएम मशीन से पैसे निकालने वाले प्रिंस जो को देवली रोड, खानपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपित प्रिंस जो ने बताया कि वह छठी कक्षा तक पढ़ा है। फेसबुक, इंस्टाग्राम पर लड़कियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर भोले-भाले लोगों को रिक्वेस्ट भेजता था।
इसके बाद उनसे गहरी दोस्ती कर लेता था। फिर उनके जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों की जानकारी लेकर उन्हें महंगे उपहार भेजने का दावा करता था। कुछ समय बाद वह लोगों को फोन करता और खुद को कस्टम अधिकारी बताता। इसके बाद शिपमेंट चार्ज, कस्टम ड्यूटी आदि के बहाने उनसे पैसों की मांग करता था।
आरोपित को भारतीय सिम व बैंक खाते चौहान नामक व्यक्ति उपलब्ध करवाता था। पुलिस उसका पता लगाने की कोशिश कर रही है।साथ ही पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपित अब तक कितने लोगों को ठग चुका था।